अहियापुर इलाके एक निजी अस्पताल सील, 24 कर्मी क्वारंटाइन
जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव का एक और नया मामला सामने आया। उक्त मरीज कुढ़नी प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर से संबंधित है। इसके साथ ही अहियापुर इलाके के एक निजी अस्पताल को तत्काल बंद करते हुए वहां के 24 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
मुजफ्फरपुर। जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव का एक और नया मामला सामने आया। उक्त मरीज कुढ़नी प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर से संबंधित है। इसके साथ ही अहियापुर इलाके के एक निजी अस्पताल को तत्काल बंद करते हुए वहां के 24 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। सभी के पैथोलॉजिक जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन आगे कदम उठाएगा।
एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार ने सोमवार की शाम उक्त अस्पताल की जांच की। प्रबंधन को निर्देश दिया कि अब कोई भी नया मरीज भर्ती न करें। उनकी मानें तो अस्पताल को एक तरह से सील कर दिया गया है। यहां 17 मई से भर्ती सभी मरीजों व कर्मचारियों के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधक को सभी व्यक्तियों की लाइन लिस्ट व सभी कर्मियों की सूची उपलब्ध कराते हुए संस्थान को भी सैनिटाइज कराने को कहा गया। अस्पताल में अगले आदेश तक कोई भी नया मरीज भर्ती नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से प्रबंधन को चेतावनी भी दी गई है कि निर्देशों का पालन करने में कोताही बरतने पर महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इधर इस इलाके में प्रशासन की सख्ती के बाद बिना निबंधित व अमानक के चलने वाले अस्पताल संचालकों में हड़कंप है।
डीएम डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव के नजदीकी संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। उन सभी की भी जांच कराई जाएगी। फिलहाल पॉजिटिव मरीज को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा हैं। वहां निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत इलाज किया जाएगा। इस प्रकार जिले में 17 दिनों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 40 हो गई है।
वहीं कोविड केयर सेंटर में भर्ती दो पॉ•िाटिव मरीजों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें फूल देकर विदा किया गया। स्वस्थ्य हुए मरीज मोतीपुर व बंदरा के हैं। डीएम ने उन्हें बधाई देते हुए स्वस्थ जीवन की मंगलकामना भी की। इन्हें पूरी सतर्कता बरतते हुए होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में कोरोना से जंग जीतने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। डीएम ने सभी लोगों से लॉकडाउन के साथ शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की है। कहा कि अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। मास्क का हमेशा इस्तेमाल करें। भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। इन दिनों यह सावधानी जरूरी हैं। इन्हें अपनाकर ही कोरोना संकट से जल्द उबर सकेंगे।