VIDEO : समस्तीपुर में दहेज के भेंट चढ़ी एक और बेटी, ससुरालवालों ने नवविवाहिता की हत्या कर शव जलाया
नीतू कुमारी की शादी 28 दिसंबर 2019 को भगवानपुर देसुआ निवासी निर्धन राय के पुत्र कमलेश राय से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप।
समस्तीपुर, जेएनएन। उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर देसुआ में नवविवाहिता की फांसी लगा हत्या कर शव को जलाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस गांव में पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने भगवानपुर देसुआ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर से शव के कुछ भाग को बरामद कर लिया है।
समस्तीपुर जिला अंतर्गत उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर देसुआ में एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई । इसके बाद शव को जला दिया गया। pic.twitter.com/LQ982Kzsxo
— Ajit kumar (@ajitabheek) January 9, 2020
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख गांव निवासी सुरेश राय ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नीतू कुमारी की शादी 28 दिसंबर 2019 को भगवानपुर देसुआ निवासी निर्धन राय के पुत्र कमलेश राय से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। आठ जनवरी की रात कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें सूचना दी की, उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। शव को जलाया जा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता पुलिस के साथ भगवानपुर देसुआ के भोला टोल पहुंचे।
समस्तीपुर में नवविवाहिता की हत्या पर उनके पिता ने यह कहा pic.twitter.com/jxFfWtRLQi— Ajit kumar (@ajitabheek) January 9, 2020
ससुराल वाले घर से गायब थे। वहां ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। इसी बीच थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह को पता चला कि भगवानपुर देसुआ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के पास एक चिता जलाई जा रही।
थानाध्यक्ष तथा पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार, दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। थानाध्यक्ष ने उसे बुझवाया और कुछ अवशेष को जब्त कर पोस्टमार्टम और जांच के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। मृतका के पिता के फर्द बयान पर मामले की छानबीन की जा रही। इधर, कुछ ग्रामीणों की मानें तो विवाहिता ने खुदकशी कर ली। ससुराल वाले डर से शव को जला दिए।