पश्चिम चंपारण में धारदार हथियार से बच्ची की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में फेंका, घिनौना काम किए जाने की आशंका
बताया जाता है कि बच्ची बुधवार की दोपहर से ही रहस्यमय ढंग से घर से गायब थी। देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन की। गुरुवार को भी लोगों ने नहर खेत व अगल-बगल उसकी खोज शुरू की।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के एक गांव के पास गन्ने के खेत में गुरुवार की सुबह करीब 15 घंटे से रहस्यमयढंग से गायब बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान कर ली गई है। आरोपितों ने बच्ची की बेरहमी से हत्या की है। उसके शरीर के कई अंगों को भी काट डाला है। गन्ने के खेत में शव मिलने की खबर पर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे।
रहस्यमय ढंग से घर से गायब
बताया जाता है कि बच्ची बुधवार की दोपहर से ही रहस्यमय ढंग से घर से गायब थी। देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन की। गुरुवार को भी लोगों ने नहर, खेत व अगल-बगल उसकी खोज शुरू की। मृतका के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर गांव के हीं जितेंद्र शर्मा के गन्ने के खेत में बच्ची का शव मिला। बच्ची के शरीर पर मात्र एक कपड़ा था। खेत में उसके शेष कपड़े इधर- उधर फेंके थे। आशंका है कि मासूम के साथ नाजायज करने के बाद हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मैनाटांड़ थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, पुअनि सत्येंद्र राय सदल बल बभनौली गांव पहुंचे। गन्ने के खेत से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि बच्ची की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतका के परिजन का बयान लिया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र ही इस हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा।