पुलिस टीम पर हमले का नामजद आरोपित गिरफ्तार, इस तरह मिली सफलता
पिछले साल 14 अक्टूबर को चांदनी चौक के निकट ब्रह्मपुरा थाना पुलिस पर हमला का आरोप। घर में होने की जानकारी के बाद छापेमारी में गिरफ्तार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पिछले साल 14 अक्टूबर को चांदनी चौक के निकट ब्रह्मपुरा थाना पुलिस पर हमला कर सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के आरोपित टिंकू राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हमला के दौरान उस पर सड़क जाम करने का आरोप है। घटना के सात माह बाद चांदनी चौक स्थित उसके घर से गिरफ्तारी हुई है।
यह हुई थी घटना
पिछले वर्ष 14 अक्तूबर की रात में चांदनी चौक के निकट ब्रह्मपुरा थाना पुलिस पर हमला किया गया था। हमलावरों ने लाठी, डंडा व हॉकी स्टिक से हमला किया। होमगार्ड जवान से रायफल छीनने का प्रयास किया गया था। हमला में जमादार लक्ष्मण राम, चालक पप्पू कुमार, होमगार्ड जवान इंद्रदेव सहित अन्य घायल हो गया। हमला के दौरान पुलिस जीप के चक्के से हवा निकाल दिया व उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
तीन नामजद व 80 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी
जमादार हंसनाथ प्रसाद ने तीन नामजद व 80 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें पुलिस के साथ मारपीट, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने, सड़क जाम, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने सहित अन्य आरोप लगाए गए थे। थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने बताया कि टिंकू राय के घर में छुपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कांटी से दो आरोपित गिरफ्तार
वहीं कांटी में लूटकांड के दो आरोपितों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार ने बताया कि साइन रामराय निवासी बादल कुमार उर्फ आकाश व जमीन मठिया के अभिषेक कुमार की तलाशी में एक पिस्टल, छह कारतूस व एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। इसके पूर्व के आपराधिक मामलों की जानकारी भी हासिल की जा रही है। उसकी जांच में भी इससे मदद मिलने की उम्मीद की जा रही है।