स्नान कर रही महिला के बाथरूम में ताक-झांक कर रहा युवक रंगे हाथ पकड़ाया, इसके बाद...
ताक-झांक का विरोध करने पर महिला की पिटाई। पीडि़ता ने ब्रह्मपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिया आवेदन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। ब्रह्मपुरा थाना के मेहंदी हसन चौक क्षेत्र में बाथरूम में ताकझांक करते एक युवक को महिला ने पकड़ लिया। महिला उस समय स्नान कर रही थी। महिला के मुताबिक पकड़े जाने के बाद युवक उससे उलझ गया। अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। दोनों ने मिलकर महिला की पिटाई कर दी। पिटाई से महिला घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई। महिला ने ब्रह्मपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। प्राथमिकी में एक युवक व उसके बहनोई को आरोपित बनाया है। थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सौतेली मां की गला दबाने के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार
महिला शिक्षक इंद्रा सिंह की गला दबाकर हत्या के प्रयास मामले में उनके सौतेले बेटे मीनापुर थाना क्षेत्र के कोदरिया गांव निवासी गौतम कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिकंदरपुर ओपी अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि उसे शनिवार को उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
यह है मामला
न्यू एरिया निवासी इंद्रा देवी ने 21 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने सौतेले बेटे गौतम कुमार व उसकी पत्नी रूबी देवी को आरोपित बनाया था। प्राथमिकी में कहा है कि उनके पति राजनंदन कुंवर लकवाग्रस्त हैं। 15 जून को उनके सौतेले बेटे और उसकी पत्नी ने उनके साथ मारपीट की और हत्या करने की नीयत से गला दबाया। उनके चिल्लाने की आवाज पर आसपास के किरायेदार पहुंचे तो उनकी जान बची। वहीं 20 जून को भी उनके साथ मारपीट की गई थी। आरोप लगाया है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से यह घटना की गई।