मधुबनी में घरेलू विवाद में युवक ने फंदे से झूल दे दी जान, जानिए मामला Madhubani News
मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र के पंडौल बाजार मच्छहट्टा निवासी गोपी पासवान के 18 वर्षीय बेटे रोशन पासवान ने घर में फांसी लगा अपनी जान दे दी।
मधुबनी, जेएनएन। पंडौल थाना क्षेत्र के पंडौल बाजार मच्छहट्टा निवासी गोपी पासवान के 18 वर्षीय बेटे रोशन पासवान ने घर में फांसी लगा अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद में रोशन पासवान ने गुरुवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। खाना खाने के लिए स्वजनों ने बाहर से आवाज लगाई, दरवाजा पीटा, लेकिन अंदर से कोई आवाज़ नहीं आई। इसके बाद स्वजनों ने दरवाजा तोड़ दिया, अंदर देखा तो रोशन फंदे से झूलता नज़र आया।
घटना की सूचना पंडौल थाना को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई नबी हसन खान, पीएसआई विपिन कुमार यादव, एएसआई मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दादा रामदेव पासवान के लिखित बयान पर यूडी मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। स्वजनों के अनुसार रोशन की दिमागी हालत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। इससे पहले भी उसने कई बार आत्महत्या की कोशिश की थी। घटना के बाद से टोले में मातमी सन्नाटा पसरा है।