मुजफ्फरपुर में एक लड़की से हैवानियत, हाथ-पैर बांधकर किया दुष्कर्म
Bihar Crime मुजफ्फरपुर में एक चौंकाने वाली घटना का पर्दाफाश हुआ है। एक शख्स ने 15 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़ कर की जमकर धुनाई। पुलिस कर रही मामले की जांच पड़ताल।
मुजफ्फरपुर, जासं। अहियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया गया। गंभीर हालत में किशोरी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़ लिया। इसके बाद जमकर उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। किशोरी का मेडिकल जांच कराई जा रही है।
मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामले में एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। बताया गया कि गुरुवार की रात किशोरी चापाकल पर पानी के लिए गई थी। इसी क्रम में आरोपित ने उसे दबोच लिया। उसका मुंह बांध दिया। हाथ-पैर बांधकर घसीटते हुए बगल के एक नर्सिंग होम के समीप ले गया। वहां ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के चिल्लाने पर स्थानीय लोगों को घटना की भनक लगी। इसके बाद ग्रामीण दौड़े। पकड़े जाने की भय से आरोपित भागने लगा। इस पर ग्रामीणों ने खदेड़कर उसे दबोच लिया और जमकर उसकी पिटाई कर दी। अचेत हालत में ग्रामीण उसे छोड़ दिए। इसके बाद कुछ लोगों द्वारा उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि किशोरी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
युवक को अगवा के बाद पिटाई कर फेंका
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के वार्ड-40 दाता कंबल शाह मजार रोड निवासी मो.अरमान ने अगवा कर पिटाई करने व बेहोशी अवस्था में फेंकने का आरोप लगाया है। इस संबंध उसने नगर थाना में शिकायत की है। इसमें अखाड़ाघाट के प्रिंस कुमार सहित चार युवकों को आरोपित किया है। उसने कहा है कि गुरुवार की शाम लगभग सात बजे वह साइकिल से अंडा खरीदने बनारस बैंक चौक गया था। वहां दो बाइक से आए तीन युवकों ने उसे थप्पड़ मारा। फिर उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और जगन्नाथ मिश्रा कालेज के पास ले गए। वहां आरोपित युवकों ने लोहे के राड से सिर पर प्रहार किया। फिर बेहोशी अवस्था में उसे फेंक भाग निकले।