Muzaffarpur flood News : मुजफ्फरपुर में बाढ़ ने इस कदर ढाया कहर कि 655 सड़कें हो गईं क्षतिग्रस्त, जन-जीवन अस्त-व्यस्त
Muzaffarpur flood News सड़कें क्षतिग्रस्त होने से आमलोगों को काफी परेशानी हो रही। वहीं विभाग का दावा है कि तेज गति से मरम्मत का कार्य चल रहा।
मुजफ्फरपुर, [संजीव कुमार]। बाढ़ ने जिले में व्यापक तबाही मचाई है। जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब जबकि बाढ़ का पानी घटने लगा है, सड़कों पर इसके पड़ा बुरा प्रभाव भी साफ नजर आने लगा है। बाढ़ के पानी के कारण जिले की 655 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। अब भी कहींं सड़कों पर घुटने भर पानी जमा है तो कहींं गहरे गड्ढे बन गए हैं। नतीजा लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवाजाही के दौरान लोग गड्ढों में गिरकर घायल भी हो रहे हैं।
सड़कें जगह-जगह हो गईं हैं क्षतिग्रस्त
विभाग का कहना है कि तेज गति से सड़कों की मरम्मत का कार्य चल रहा है। कई जगहों पर सड़क मरम्मत का काम पूरा भी कर लिया गया है। बताया गया है कि आरसीडी- एक के अंतर्गत 20 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें सात पर कार्य पूर्ण किया गया हैं। आरसीडी-दो के अंतर्गत नौ सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें दो की मरम्मत हो गई है। शेष पर कार्य चल रहा है। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बाढ़ के कारण 95 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें 19 की मरम्मत करा दी गई है। शेष पर कार्य चल रहा है। जबकि ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी-एक के तहत 250 सड़कें बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हैं। इनमें नौ पर कार्य प्रगति में है। ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी-दो के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की संख्या 281 है। इनमें 38 पर मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 10 पर कार्य चल रहा है।
तत्काल मरम्मत का निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह कहते हैं कि बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया गया ह। पानी के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों पर ह्यूम पाइप, कल्वर्ट डालने और पुलिया का निर्माण करने को कहा गया है। जिससे लोगों की परेशानी को दूर किया जा सके।