समस्तीपुर में फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में घुसकर 42 लाख की लूट
बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम, कर्मियों को पीटा, हाथ बांध कर मुंह पर टेप चिपका दिया था।
समस्तीपुर, जेएनएन। समस्तीपुर जिला अंतर्गत रोसड़ा थाने से महज ढाई सौ गज की दूरी पर बड़ी दुर्गा स्थान के पास बाइक सवार अपराधियों ने रविवार शाम एलएंड टी फाइनेंसियल सर्विस कंपनी के ऑफिस में घुसकर 42 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर कर्मियों को बंधक बनाकर पीटा। उनके मोबाइल भी छीन लिए। इसके बाद आराम से चलते बने। घटना की सूचना से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी खुद मौके पर पहुंचीं और पीडि़तों से बात की। इस बीच कर्मियों से लूटे गए पांच मोबाइल में से एक रोसड़ा-बेगूसराय पथ पर सागी के पास से बरामद हुआ है। इससे माना जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बेगूसराय की ओर भागे हैं।
रुपये का मिलान कर रहे थे कर्मी
कंपनी के चार कर्मी कार्यालय में बैठकर क्षेत्र से आए ऋणी के भुगतान का मिलान कर रहे थे। इसी बीच छह -सात अपराधी आ धमके। पहले मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया। फिर अंदर बैठे कर्मियों को पिस्तौल के बल पर कब्जे में कर लिया। विरोध करने पर मारपीट की। फिर हाथ बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया। इसके बाद कार्यालय में रखे 42 लाख रुपये बैग में डालकर आराम से बाहर निकले। यहां से जाने से पूर्व नीचे के मुख्य द्वार में ताला लगा दिया। इस बीच एक कर्मी किसी तरह नीचे उतरा और बंद गेट से घिघियाने लगा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो मुंह की पट्टी खोली। तब उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रोसड़ा डीएसपी अजीत कुमार, थानाध्यक्ष एचएन सिंह पहुंचे। कंपनी के मुख्य द्वार को खोला और जांच की। आसपास के सीसीटीवी को खंगाला। इसमें तीन बाइक पर सवार छह अज्ञात लोगों को जाते देखा गया। बाइक सवार लोगों की उम्र 30 से 35 बताई गई। इसमें एक -दो लोग उत्तर प्रदेश की भाषा बोल रहे थे।
उधर, कंपनी के प्रबंधक रविरंजन तिवारी ने बताया कि रविवार को कई स्थानों से 42 लाख रुपये का जमा आया था। 29 लाख रुपये का मिलान कर उसे कैश बुक में चढ़ाया गया था। इसी बीच घटना को अंजाम दिया गया। विरोध करने पर कंपनी कर्मी मुंगेर के करण कुमार, बेगूसराय के आशुतोष कुमार को भी पीटा। वहीं, थानाध्यक्ष एचएन सिंह ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला 29 लाख लूट का लग रहा है। जबकि, कंपनी के कर्मी सह पकड़ीदयाल निवासी माजिद हुसैन ने कहा कि हर महीने की एक से दस तारीख तक क्षेत्र के ऋणी द्वारा रुपये जमा किए जाते हैं। रविवार को यही रकम क्षेत्र से आई थी।