मुजफ्फरपुर के 3.51 लाख बच्चों को लगाया जाएगा जेई का टीका, कहीं आपका बच्चा तो नहीं छूट रहा
सदर अस्पताल से अभियान की शुरुआत। 09 माह से 10 वर्ष के बच्चों का होगा टीकाकरण। यह अभियान पूरे फरवरी माह चलेगा। डीआइओ ने चमकी बुखार से बचाना है जेई का टीका लगाना है का नारा भी दिया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के 3.51 लाख बच्चों को जापानी इंसेफ्लाइटिस यानि जेई से बचाव को टीका लगाया जाएगा। बुधवार को सदर अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार शर्मा एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बच्चों को टीका लगा कर जेई टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।
डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि जेई एक गंभीर बीमारी है। इसके उपचार से बेहतर है इसकी रोकथाम समय से कर ली जाए। इसकी रोकथाम में जेई टीका महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। इसलिए जिले के सभी 17 प्रखंडों में जेई टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिसमें 09 माह से लेकर 10 वर्ष के सभी छुटे बच्चों को खोजकर जेई का टीका लगाया जाएगा। इस बार कुल 3.51 लाख बच्चों को टीका लगा प्रतिरक्षित किया जाएगा। यह अभियान पूरे फरवरी माह चलेगा। डीआइओ ने चमकी बुखार से बचाना है जेई का टीका लगाना है का नारा भी दिया। मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. शिवशंकर, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. एनके चौधरी, डीपीएम बीपी वर्मा, बीसीसीएम अजय कुमार एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
इनके लिए जरूरी की जेई का टीका
उन सभी बच्चों को जिनकी उम्र नौ माह से 15 वर्ष के बीच है, उन्हे जेई वैक्सिन लेनी चाहिए। अभियान समाप्त होने पर जेई के टीके नियमित टीकाकरण के तहत पहला टीका नौ से 12 माह के बच्चों को दिया जाएगा। दूसरा टीका 16 से 24 माह के बच्चों को दिया जाएगा। इस टीके का कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है।