Army recruitment 2019: सेना बहाली में 258 युवाओं ने निकाली दौड़, एक का टूटा पैर Muzaffarpur News
03 जिलों के 4585 अभ्यर्थियों ने किया था रजिस्ट्रेशन। 3194 अभ्यर्थी ही दौड़ में शामिल होने चक्कर मैदान पहुंचे। एसएसपी ने पुलिस बल की तैनाती का सिविल ड्रेस में लिया जायजा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सेना बहाली के छठे दिन 258 अभ्यर्थी दौड़ निकालने में सफल रहे। इसके बाद इन सभी का लांगजंप, बिंब और जिगजैग के अलावा ऊंचाई और वजन मापा गया। इसमेें में ये सभी पास हो गए। अब इनका मेडिकल और शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चार दिसंबर को उक्त प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद 19 दिसंबर को लिखित परीक्षा चक्कर मैदान में आयोजित होगी।
इसमें सफल अभ्यर्थी ही सेना में भर्ती होंगे। सोमवार को तीन जिले मुजफ्फरपुर (कुढऩी और सकरा), मधुबनी और दरभंगा के अभ्यर्थियों ने जीडी पद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। 4585 अभ्यर्थियों में से 3194 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होने पहुंचे थे। रात ढ़ाई बजे से इन्हें मैदान में प्रवेश कराना शुरू किया गया। प्रारंभिक कागजात जांच के बाद बैच नंबर दिया गया। इसके बाद ढ़ाई-ढ़ाई सौ का समूह बनाकर इन्हें मैदान में दौड़ाया गया।
मधुबनी के युवक का टूटा पैर
दौडऩे के दौरान मधुबनी के बाबू बड़ही थाना के पकडिय़ा टोल के भोला कुमार का पैर टूट गया। वह दौड़ के चौथे राउंड में था। इसी बीच झूंड में दौडऩे के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह ग्राउंड पर गिर गया। जवानों ने उसे उठाया और कैंप में मौजूद चिकित्सक के पास लेकर गए। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे सदर अस्पताल भेजा गया।
एसएसपी ने लिया जायजा
एसएसपी जयंत कांत ने सोमवार की सुबह सिविल ड्रेस में चक्कर मैदान के चारों तरफ तैनात पुलिस बल का जायजा लिया। इस दौरान वे काफी हद तक संतुष्ट दिखे। जहां कमियां दिखी, उसे तुरंत सुधार करने का निर्देश दिया। इसके बाद वे मैदान में भी कुछ मिनट के लिए गए।
आज तीन जिलों के 4508 लगाएंगे दौड़
मंगलवार को तीन जिले समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण (रमगढ़वा और बनकटवा), और शिवहर के 4508 अभ्यर्थी जीडी पद पर भर्ती के लिए दौड़ लगाएंगे। संभावना है कि तीन हजार से अधिक अभ्यर्थी मैदान में बहाली के लिए पहुचेंगे।