West Champaran: बगहा में बड़ी दुर्घटना, गंडक में नहाने गए सगे भाइयों समेत तीन की डूबने से मौत
Three children died due to drowning in Gandak in Bagaha बगहा से बड़ी दुर्घटना की खबर आई है। जिले के रजवाटिया घाट पर नहाने गए तीन बच्चे डूब गए। तीनों की मौत डूबने से हो गई। गोताखोरों ने तीनों का शव निकाल लिया है।
बगहा (पश्चिम चंपारण), जागरण संवाददाता। बगहा नगर थाना क्षेत्र के चखनी रजवटिया घाट के पास गंडक नदी में नहाने गए सगे भाइयों समेत तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से तीनों का शव निकाला गया।सभी शादी में शामिल होने के लिए आए थे। घटना से अफरातफरी मच गई। नगर थाना क्षेत्र के रजवटिया गांव निवासी हरिशंकर प्रसाद के यहां शादी थी। इसमें बनकटवा निवासी मनोज गुप्ता के दो पु़त्र रोहित कुमार (16) और गोलू कुमार(15) अपने स्वजनों के साथ शामिल होने के लिए आए थे।
शुक्रवार की दोपहर दोनों नहाने के लिए चापाकल पर गए तो वह खराब मिला। जिस पर हरिशंकर प्रसाद का पुत्र सुशील कुमार (15) दोनों को लेकर रजवटिया गंडक नदी में नहाने के लिए चला गया। जैसे ही तीनों नदी में कूदे। गहरे पानी में डूबने लगे। यह देख वहां कुछ महिलाओं ने शोर किया। शोर सुनकर स्थानीय लोग गंडक नदी में तीनों को बचाने के लिए कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। वहां से अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। शादी वाले घर में मातमी सन्नाटा पसरा है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही शास्त्रीनगर में गंडक नदी में एक साथ चार बच्चे डूब गए थे। जिसमें एक का आज तक पता नहीं चल सका। बाकी को बचा लिया गया था। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि तीन किशोरों की नदी में डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव को स्वजनों को सौंप दिया गया है।