East Champaran Road Accident News: सुगौली में बोलेरो की ठोकर से महिला की मौत, बालक की हालत गंभीर
East Champaran Road Accident News सुगौली थाना क्षेत्र के नयका टोला फुलवरिया गांव के समीप गुरुवार की सुबह बोलेरो चालक ने एक महिला व बच्चे को ठोकर मार दी। इससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है।
पूर्वी चंपारण, जागरण संवाददाता। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के नयका टोला, फुलवरिया गांव के समीप गुरुवार की सुबह बोलेरो चालक ने एक महिला व बच्चे को ठोकर मार दी। इससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार छपवा-बेतिया मुख्य पथ पर फुलवरिया नयका टोला से गुरुवार की सुबह श्रीपुर गोपालपुर निवासी चोकट महतो की पत्नी कुमारी देवी पांच वर्षीय अंकुश कुमार को लेकर जा रही थी। इसी दौरान तीव्र गति से आ रही बोलेरो ने जोर से टक्कर मार दी। इससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना को देख आसपास के लोग जमा हो गए और घायल बच्चे को इलाज के लिए पीएचसी से भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चे की गंभीर स्थिति को देख बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और महिला को मृत देख जमकर बवाल काटा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष विवेक जयसवाल ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में लोगो से जानकारी ली। थानाध्यक्ष लोगों को समझाने बुझाने में जुटे हुए हैं।