मुजफ्फरपुर में होटल संचालक की गर्भवती पत्नी की संदिग्ध स्थिति में मौत
Woman commits suicide in Muzaffarpur घटना के बाद घर छोड़कर पति सास और ननद समेत अन्य फरार स्वजनों ने गला दबाकर हत्या करने का लगाया आरोप एफएसएल की टीम ने छानबीन कर एकत्र किए नमूने मृतका के ससुराल वाले एक पूर्व मंत्री के बताए जा रहे रिश्तेदार
मुज़फ्फरपुर, जागरण संवाददाता। काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर मैदान इलाके में होटल संचालक की गर्भवती पत्नी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसका शव बिछावन पर पड़ा मिला। मृतका की पहचान भारत सम्राट यादव की पत्नी रीति देवी (29) के रूप में हुई है। सूचना पर थानाध्यक्ष मो.शुजाउद्दीन व दारोगा संजीव कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। इस दौरान घर खुला मिला और परिवार के सभी सदस्य फरार मिले। छानबीन में कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। बिछावन पर एक दुपट्टा का फटा हुआ टुकड़ा भी मिला। जानकारी पर महिला के मायके से चाचा प्रभु शंकर यादव समेत अन्य लोग पहुंचे। पुलिस पूछताछ में रीति के पति भारत सम्राट यादव, उसकी मां और बहन राखी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि भतीजी से सास व ननद बेवजह विवाद करती थीं। उनलोगों ने ही साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी है।
सोमवार सुबह एफएसएल की टीम भी जांच करने पहुंची। घटना वाले कमरे में बारीकी से जांच की। वहां से साक्ष्य के तौर पर कई नमूने एकत्र कर ले गई है। इसके अलावा वीडियोग्राफी व फोटो भी कराई गईं। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने भी पहुंचकर जांच की। स्वजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। कहा कि रविवार देर रात की घटना है। हत्या व आत्महत्या के बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
2018 में हुई थी शादी, मोतिहारी में मायका : रीति के चाचा ने बताया कि 2018 में भतीजी की शादी हुई थी। मायका पूर्वी चंपारण शिकारगंज थाना के परेवा में है। उसके पति का गोबरसही में होटल है। ननद की शादी हो चुकी है। इसके बाद भी वह कई साल से मायके में ही रहती है। किसी न किसी बात को लेकर सास व ननद हमेशा भतीजी से विवाद करती थीं। पुलिस छानबीन में पता लगा कि भारत सम्राट एक पूर्व मंत्री का भतीजा है। उसके पिता की मौत पूर्व में हो चुकी है। घर में भारत और रीति, सास, ननद, देवर व देवरानी रहती थीं। सभी इस घटना के बाद से फरार हैं।