East Champaran News: मीठे जहर का हो रहा कारोबार, प्रशासन नहीं खबरदार
East Champaran News उत्तरप्रदेश व राज्य के अन्य हिस्सों से बड़े पैमाने पर लाकर खपाया जा रहा मीठा जहर। हर चौक-चौराहे पर हो रही जानलेवा गुटखे की बिक्री। हालिया दिनों में इन पर कार्रवाई नहीं होने से मीठे जहर के कारोबार में संलिप्त लोगों का हौसला बुलंद है।
बेतिया (पचं), जागरण संवाददाता। पश्चिम चम्पारण के लोगों की आदतों में शुमार है तम्बाकू। अधिकतर लोगों की दिनचर्या की शुरूआत और अंत तम्बाकू सेवन संग ही होती है। बूढ़े जवान महिलाएं और अब तो किशोर भी इसकी गिरफ्त में है। किशोरों को भी सिगरेट के धुएं उड़ाते और गुटखों के पाउचों को फाड़ मुंह में डालते देखा जाता है। इसके अलावा पान, बीडी, खैनी और सिगरेट पीने वालों अनजाने या जानबूझ कर जहर अपने शरीर में ले रहे है। गुटखा, खैनी तम्बाकू के अन्य उत्पादों की लत लगने की सबसे बड़ी वजह है इनके विभिन्न रूपों में हर जगह आसानी से उपलब्ध हो जाना। प्रतिबंधित के बावजूद हर चौक-चौराहों गली मोहल्लों में इसकी बिक्री आसानी से हो रही है। प्रतिबंध के बाद इनकी दाम जरूर बढ़ गए है। विदेशी नकली गुटखों की बिक्री भी शहर में हो रही है। सबसे रोचक पहलू यह है कि गुटखा व्यवसायी पान मसाला के नाम पर इनकी बिक्री करते है। पहले जर्दा मिली गुटका की बिक्री होती थी। व्यवसायियों ने इसका ट्रेंड बदल दिया है। एक ही कंपनी की दो-दो पाउचें मिलती है एक पान मसाला का जबकि दूसरा जर्दा का लोग दोनों पाउचों को मिलाकर गुटखा के रूप में इस्तेमाल करते है।
कई कारोबारी जा चुके है जेल
गुटखा के धंधे में संलिप्त कई लोग पूर्व में जेल भी जा चुके है। हालांकि, जेल से छूटने के बाद इनमें से कई इस धंधे में दोबारा सक्रिय हो चुके हैं। पान मसाला या यूं कहे की गुटखों के व्यवसाय में शहर के कई सफेदपोश शामिल है। इस धंधे में खुश रहो और खुश करो की तर्ज पर काम होता है। गुटखों के कारोबार में होने वाले अकूत कमाई का एक हिस्सा कुछ खास लोगों को भी मिलती है।
उत्तरप्रदेश से आता है गुटखों की खेप
गुटखो की खेप बेतिया में कई बार पकड़ी जा चुकी है। बरसों पूर्व बेतिया रेलवे स्टेशन और मीना बाजार से गुटखा की एक बड़ी खेप पकड़ी गयी थी। हालिया दिनों में इन पर कार्रवाई नहीं होने से मीठे जहर के कारोबार में संलिप्त लोगों का हौसला बुलंद है।
प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री करने वालों पर होगी कार्रवाई
बेतिया के एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय का कहना है कि हर गलत काम करने वालों पर पुलिस की नजर है। अवैध कारोबार और धंधा करने वालों पर लगातार छापेमारी हो रही है। नियम विरुद्ध और प्रतिबंधित सामग्रियों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।