भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के आरोप SSB जवानों ने दो महिलाओं को पीटा, सीमा के दोनों तरफ के ग्रामीण जवानों से भिड़े
India-Nepal Border News सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा के हतबंधा बांध के समीप चाइनीज मटर की तस्करी के आरोप में दो जवानों ने महिलाओं की पिटाई कर दी। बिना वर्दी के थे दोनों जवान। सीमा के दोनों तरफ के आक्रोशित ग्रामीण जवानों से भिड़े मारपीट की।
सीतामढ़ी, जेएनएन। भारत-नेपाल सीमा के हतबंधा बांध के समीप धरहरबा एसएसबी कैंप के दो जवानों ने चाइनीज मटर की तस्करी के आरोप में दो महिलाओं की पिटाई कर दी। इससे माहौल बिगड़ गया। सीमा के दोनों तरफ के ग्रामीण आक्रोशित होकर जवानों से भिड़ गए। उनके साथ मारपीट की। कुछ लोगों के बीच-बचाव से ग्रामीण शांत हुए और जवानों को अपने चंगुल से मुक्त किया। घटना परिहार थाना क्षेत्र में हुई।
इन दिनों नेपाल से भारत में बड़े पैमाने पर चाइनीज मटर की तस्करी हो रही है। इसमें छोटे व बड़े व्यापारी शामिल हैं। रात के दो बजे से तस्करों का झुंड नेपाल की ओर से पैदल व साइकिल से आता है। सीमा पर झाडिय़ों में ये तस्कर चाइनीज मटर के साथ छुप जाते हैं। एसएसबी जवानों की ड्यूटी समाप्त होने का इंतजार करते हैं। जैसे ही जवान कैंप की और प्रस्थान करते हैं, तस्कर मौके का फायदे उठाते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। बुधवार को इसी तरह की घटना के बाद दो महिलाओं को एसएसबी जवानों ने पकड़ लिया। पिटाई से हंगामा शुरू हो गया। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित सुरसंड एसएसबी कैंप से जवानों ने फोन कर मदद की गुहार लगाई, मगर कोई नहीं पहुंच सका। ग्रामीण इस बात को लेकर भी गुस्से में थे कि ऑन ड्यूटी ये जवान सिविल ड्रेस में क्यों हैं?
सुरसंड एसएसबी के कैंप इंचार्ज अरुण कुमार ने घटना के संबंध में सूचना होने से इन्कार किया है।