सीतामढ़ी में Birthday party में हर्ष फायरिंग, जिसका था जन्मदिन उसी शख्स को लगी गोली; जानिए
Harsh Firing in Birthday party in Sitamarhi सीतामढ़ी के कन्हौली थाने के रामनगर रसलपुर वार्ड-11 की घटना एसपी के आदेश पर जांच शुरू। हर्ष फायरिंग की बात से स्वजन मुकरे जख्मी ने बताया ससुराल से लौटते हुए लगी गोली।
सीतामढ़ी, जेएनएन। बर्थडे पार्टी के जश्न में चली गोली से एक युवक जख्मी हो गया। जिसके जन्मदिन के उपलक्ष्य में यह पार्टी आयोजित की गई थी गोली उसी शख्स को लगी। गनिमत रही कि गोली उस युवक के दाहिने हाथ में आकर लगी और वह जख्मी होकर रह गया। कन्हौली थाने के रामनगर रसलपुर वार्ड-11 निवासी कृपलाल पासवान का पुत्र प्रमोद पासवान अपना 32वां बर्थडे मना रहा था। सोमवार रात प्रमोद पासवान के घर पर बर्थडे सेलिब्रेट हो रहा था। घर पर दोस्तों और शुभचिंतकों का जमावड़ा लगा था। कट्टा लेकर पार्टी में शरीक हो रहा उसका एक मित्र ने जश्न में फायरिंग कर दी। सामने प्रमोद ही निशाना बन गया।
गोली चलते ही पार्टी के रंग में भंग पड़ गया और भगदड़ मच गई। नाच-गाना व डीजे म्यूजिक पर सभी लोग थिरक रहे थे। लहूलुहान प्रमोद को स्वजन अस्पताल लेकर भागे। उसके बाद उसको सीतामढ़ी में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जख्मी प्रमोद का इलाज कर रहे चिकित्सक वरुण कुमार ने कहा कि गोली लगने से काफी सारा खून बह गया है। दाहिनी हाथ में गोली लगी है। ऑपरेशन करके गोली निकाल दी गई है। वह खतरे से बाहर है। मगर, जिस तरह से गोली लगी है अगर थोड़ा भी इधर से उधर हो जाता तो जान भी जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिल कुमार ने कन्हौली थाना प्रभारी राम एकबाल प्रसाद को दलबल के साथ रसलपुर गांव भेजा। बथर्ड पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ हुई। स्वजनों ने घटना को छुपाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने सही जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जख्मी प्रमोद इस घटना को दूसरा ही रूप दे रहा है। इलाज के दौरान उसने बताया कि सोमवार की रात वह अपनी ससुराल बथनाहा थाना के किशपुर गांव से घर लौट रहा था। रास्ते मे क़ुछ बदमाशों ने आपस में फायरिंग की जिसकी चपेट में वह आ गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग में उक्त युवक जख्मी हुआ। उसको गोली लगी है।