मुजफ्फरपुर दौरे पर पहुंचे तेज प्रताप, बोले- बिहार सरकार बाढ़ पीड़ितों की सहायता के नाम पर कर रही मजाक
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह राजद विधायक तेज प्रताप यादव शनिवार की शाम बंदरा प्रखंड के दौरे पर पहुंचे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह राजद विधायक तेज प्रताप यादव शनिवार की शाम बंदरा प्रखंड के दौरे पर पहुंचे। अचानक उनके आगमन के बावजूद लोगों की भीड़ जुट गई। बंदरा में पहुंचने के बाद उन्होंने नौका से बागमती नदी से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पटसारा एवं आसपास की पंचायतों में पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की एवं उन्हें संकट से उबरने के लिए ढाढस बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ पीड़ितों की सहायता के नाम पर मजाक कर रही है। बाढ़ पूर्व तैयारी के जो दावे किए जा रहे थे, उसकी पोल खुल रही है। इस सरकार में गरीब, शोषित एवं पीड़ितों की कोई सुनने वाला नहीं है। बाढ़ की त्रासदी में हजारों परिवार विस्थापित जिंदगी जी रहे हैं। बंदरा प्रखंड का पूर्वी इलाका बाढ़ से प्रभावित है। बावजूद इस इलाके में अबतक राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया जाना अपने आप में एक बड़ा सवाल है। प्रभावित इलाकों के भ्रमण के दौरान राजद के युवा प्रदेश महासचिव अर्जुन राय समेत कई अन्य नेता साथ थे।
बोचहा : प्रखंड की उनसर पंचायत के बोरबारा गाव में बाढ़ प्रभावितों के लिए युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष प्रशात कुमार के नेतृत्व में लालू रसोई का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ छात्र राजद के संरक्षक पूर्व मंत्री सह विधायक तेज प्रताप यादव ने किया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव, प्रधान महासचिव चंदन यादव, सीपीआइ नेता रामविलास राय, छात्र राजद जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, युवा राजद प्रदेश प्रवक्ता दीपक ठाकुर, छात्र राजद के प्रखंड अध्यक्ष विकास यादव आदि मौजूद रहे।
कटरा : पूर्व निर्धारित समय सुबह 11.30 की बजाए तेज प्रताप चामुंडा स्थान पर शाम 5.30 बजे पहुंचे, तब तक उनका इंतजार कर रहे राजद कार्यकर्ता मायूस होकर लौट चुके थे। कार्यकर्ताओं को नहीं देख वे कार से नीचे नहीं उतरे और वहां से लौट गए। तेज प्रताप का राजद नेताओं ने किया स्वागत पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह विधायक तेज प्रताप यादव द्वारा बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का भ्रमण करने के क्रम में शनिवार को कांटी के सदातपुर सुधा डेयरी मोड़ के समीप राजद कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में हैदर आजाद, इसरायल मंसूरी, उमा शकर राय, अजय रंजन यादव, प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र राय, आपदा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्रीनारायण यादव, युवा राजद नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव, मोहम्मद अली, राजेश यादव, विनोद भगत, कृष्ण यादव, अब्दुल जब्बार मंसूरी, संजय यादव, संतोष यादव शामिल रहे।