प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने के मामले में दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी
काजीमोहम्मदपुर थाना के आमगोला पड़ाव पोखर लेन नंबर दो में प्रॉपर्टी डीलर सारंगधर कुमार उर्फ बब्बू सिंह को गोली मारने के मामले में दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसे जख्मी प्रॉपर्टी डीलर के बयान पर दर्ज किया गया है।
मुजफ्फरपुर। काजीमोहम्मदपुर थाना के आमगोला पड़ाव पोखर लेन नंबर दो में प्रॉपर्टी डीलर सारंगधर कुमार उर्फ बब्बू सिंह को गोली मारने के मामले में दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसे जख्मी प्रॉपर्टी डीलर के बयान पर दर्ज किया गया है। घटना के कारणों को लेकर उसने कुछ खास नहीं बताया, लेकिन पुलिस को बताया कि दो जुलाई को फेसबुक पर एक पोस्ट किया था। इसमें लिखा था कि जिसकी नीयत खराब हो, उसका साथ छोड़ दो। इसके बाद ही यह घटना घटी। थानाध्यक्ष मो. शुजाउद्दीन ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोली मारने के बाद बदमाशों के भागने वाले रास्ते में लगे सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रॉपर्टी डीलर से भी कई बिदुओं पर पूछताछ की गई है। उसने बताया कि एक बदमाश का चेहरा जाना-पहचाना सा लग रहा है। उसने एक बदमाश के हुलिए की जानकारी भी पुलिस को दी है। इस आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
ये हुई घटना : प्रॉपर्टी डीलर बब्बू सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से कटरा के रहने वाले हैं। गुरुवार रात 11 बजे कल्याणी चौक से पान खाकर घर लौटे थे। स्कूटी खड़ी कर रहे थे, तभी पीछे से उन पर फायरिग हुई। गोली उनकी बांह में लगी। जान बचाने के लिए वह भागने लगे तो बदमाशों ने खदेड़ कर फायर की, लेकिन मिसफायर हो गया। इसके बाद भी एक राउंड गोली चलाई। दोनों बदमाश ब्लू रंग की बाइक से आए थे। एक बदमाश लंबे कद का था। मूंछे नहीं थीं। दोनों का हुलिया पूर्व से देखा हुआ लगता है। देखने के बाद दोनों को पहचान सकते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलिग के धंधे से जुड़े विवाद की भी पूछताछ की गई है। लेकिन, अबतक कोई जानकारी नहीं मिली है।