मुबंई में लाखों के जेवरात को लूटने के बाद दरभंगा में आकर छिप गया था आरोपित, जानें कैसे उस तक पहुंची पुलिस
मुबंई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहयोग से छापेमारी कर लूट मामले के एक आरोपित को दबोच लिया। आरोपित के घर से नकदी सहित लाखों के जेवरात घड़ी कैमरा आदि सामान को बरामद किया गया है।
दरभंगा, जेएनएन। सोनकी ओपी क्षेत्र के कपछाही गांव में मुबंई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहयोग से छापेमारी कर लूट मामले के एक आरोपित को दबोच लिया। आरोपित के घर से नकदी सहित लाखों के जेवरात, घड़ी, कैमरा आदि सामान को बरामद किया गया है। पकड़े गए सियाराम मुखिया को स्थानीय पुलिस ने मुंबई पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। सोनकी ओपी प्रभारी श्याम कुमार मेहता ने बताया की मुंबई के ताडदेव थाना के पुलिस पदाधिकारी सचिन माने ने कपछाही गांव में एक आरोपित के छिपे होने की सूचना दी। इस आधार पर सियाराम मुखिया के घर छापामारी की गई, जहां से मुंबई से लूट हुई सामान बरामद किया गया।
मौके से आरोपित सियाराम मुखिया उर्फ मोहन मुखिया को दबोच लिया गया। बताया गया कि मुंबई के ताडदेव थाना के ताड़देव इलाके के धीरज सिंधवी के घर से कुछ लुटेरों ने भारी मात्रा में नगदी समेत आभूषण और महंगे घड़ी लूट लिए थे। इस संदर्भ में ताड़देव थाना में कांड संख्या 32/2020 अंकित किया गया था। इसमें सोनकी थाना क्षेत्र के मेकना गांव के गोटही टोला निवासी चंदन कुमार मुखिया को 24 फरवरी को मुंबई में लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।
इसके निशानदेही पर कपछाई गांव निवासी सियाराम मुखिया उर्फ मोहन मुखिया की तलाश थी और इसी को लेकर बीती रात स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। सियाराम मुखिया के घर से एक बैग से लूटी गई सोने की ज्वेलरी, 10 पीस घड़ी, चांदी की ज्वेलरी 3 कैमरा, 64 सौ रुपया नकदी बरामद किया गया है। इस मामले में कपछाही गांव के कपिल देव मुखिया के पुत्र मोहन मुखिया की तलाश जारी है।