एसकेएमसीएच में 250 छात्रों की होगी पढ़ाई, स्वास्थ्य विभाग ने प्राचार्य से मांगी अद्यतन जानकारी Muzaffarpur News
एमसीआइ के नोडल पदाधिकारी ने शुरू की तैयारी। इसमें सभी विभाग की फैकल्टी के साथ उपलब्ध मशीनें उपकरण व उपस्करों की सूची तैयार कर जल्द सौंपनी है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय में 250 मेडिकल छात्रों की पढ़ाई होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राचार्य डॉ. विकास कुमार से सभी विभाग की अद्यतन जानकारी मांगी है। इसके तहत एमसीआई के नोडल पदाधिकारी एनाटोमी विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार ने तैयारी युद्धस्तर पर शुरू कर दी है। सभी विभागाध्यक्षों से अद्यतन जानकारी मांगी है। इसमें सभी विभाग की फैकल्टी के साथ उपलब्ध मशीनें, उपकरण व उपस्करों की सूची तैयार कर जल्द सौंपनी है। इसके साथ ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. एसके शाही को भी मरीजों की संख्या के अनुसार एक सूची की मांग की गई है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. शाही इस सूची की तैयारी में जुट गए हैं।
प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने बताया कि एमसीआई जल्द इस संस्थान को 120 मेडिकल छात्रों के पठन-पाठन से बढ़ा कर 250 की अनुमति देने जा रहा है। इसमें सभी विभाग के चिकित्सकों के साथ नर्स, पारामेडिकल कर्मी एवं चतुर्थवर्गीय कर्मचारी की सूची तैयार की गई है। इसके तहत 250 छात्रों के पठन-पाठन के लिए 491 फैकल्टी की संख्या जरूरी बताई गई है। वर्तमान में 131 कार्यरत हैं। वही कई विभाग में कमी मशीनें व उपकरणों को भी सूची तैयार कर सरकार को भेजी जा रही है। जहां से इस कमी को भी तत्काल दूर किया जाएगा।
मेडिकल छात्रों का नियमित वर्ग प्रारंभ, 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य
श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस 2019 बैच के छात्रों का सोमवार से नियमित वर्ग सोमवार से प्रारंभ हो गया। इस वर्ग में प्रथम वर्ष के 120 छात्रों में 115 उपस्थित हुए। इनका प्रथम वर्ग सुबह आठ बजे से एनाटोमी विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार ने 10 बजे तक लिया। इन छात्रों के ट्यूटोरियल वर्ग के लिए तीन ग्रुप 'ए', 'बी' एवं 'सी' बनाए गए हैं। इस ग्रुप में 40-40 छात्रों का बैच है।
इन छात्रों को प्रथम वर्ष में एनाटोमी का प्रत्येक सप्ताह 29 घंटा का वर्ग होना है। वही फिजियोलॉजी विभाग का प्रत्येक सप्ताह 29 एवं बायोकेमेस्ट्री विभाग का प्रत्येक सप्ताह 8 घंटा वर्ग होना है।
एनाटोमी विभाग में इन छात्रों का वर्ग विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के साथ डॉ. संजय कुमार शर्मा, डॉ. मजहर हुसैन अंसारी, डॉ. अंजली प्रसाद, डॉ. नफीस फातिमा, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. एसएन प्रसाद, डॉ. निर्मल चौधरी एवं डॉ. गजला परवीन होंगी।
मालूम हो कि इन छात्रों का फाउंडेशन कोर्स का वर्ग 16 सितम्बर से एक माह का प्रारंभ था। यह कोर्स पूरा होने के साथ सोमवार से इनका वर्ग विषय प्रारंभ हो गया है। प्राचार्य डॉ. विकास कुमार से छात्रों को कहा है कि वर्ग में 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है।