चंपारण में DGP ने किया थानों का निरीक्षण, कहा- नहीं बख्शे जाएंगे अवैध वसूली करने वाले थानेदार Muzaffarpur News
बालू गिट्टी मामले में खनन विभाग को सूचित करें। देर रात इनरवा थाने पहुंचकर डीजीपी ने सबको चौंकाया। बापू की जयंती पर चंपारण से होगा शराब व अपराध मुक्त अभियान शुरू।
पश्चिम चंपारण/ पूर्वी चंपारण, जेएनएन। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि थानेदार या पुलिस पदाधिकारी अवैध शराब, बालू, गिट्टी आदि में वसूली करते पकड़े गए तो बख्शे नहीं जाएंगे। थानाध्यक्ष अपने अधिकारियों को भी यह समझा दें। बालू, गिट्टी मामले में खनन विभाग को सूचित करें।
अचानक चंपारण दौरे पर पहुंचे डीजीपी ने रविवार को कई थानों का निरीक्षण किया। साथ ही बेतिया और मोतिहारी में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाने में डीजीपी कहा कि मुहर्रम के सफल आयोजन के लिए बगहा पुलिस जिले के अधिकारी, कर्मी बधाई के पात्र हैं। दशहरा, दिवाली और छठ में भी यही तत्परता रहनी चाहिए। उन्होंने थानाध्यक्षों से कहा कि पेंङ्क्षडग कांडों को अद्यतन कर लें। भूमि विवाद की पंजी को अपडेट कर लें। हर गांव से आपराधिक छवि वाले लोगों की नई पंजी बना लें। वृद्ध, दिव्यांग और साठ साल से ऊपर के लोगों का नाम पंजी से हटा दें।
बेतिया में डीजीपी ने कहा कि महात्मा गांधी की कर्मभूमि पश्चिम चंपारण से उनकी जयंती पर दो अक्टूबर से शराब व अपराध मुक्त अभियान की शुरुआत होगी। पुलिस अपराधियों पर जोरदार प्रहार कर इसका आगाज करेगी। इसका असर 15 दिनों में दिखेगा। अपराधियों और शराब धंधेबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर संबंध पर जोर दिया। इससे पूर्व शनिवार रात एक बजे इनरवा थाना परिसर में गाड़ी से डीजीपी पहुंचे और थानाध्यक्ष की कुर्सी पर जा बैठे। संतरी भौचक रह गया। यहां पंजियों का अवलोकन किया। थानाध्यक्ष को हिदायत दी कि किसी भी सूचना के बाद तत्काल कार्रवाई करें। रात में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर गश्ती बढ़ाने समेत कई निर्देश दिए।
उधर, मोतिहारी में डीजीपी ने कहा कि पुलिस को अपराध और अपराधियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लडऩी है। अपराध की संस्कृति को बदलनी होगी। पुलिस अधिकारी अपराधियों पर टूट पड़े। थानाध्यक्ष कोई भी उल्टा-सीधा काम न करें। थाने पर पहुंचे लोगों को सम्मान दें।