पुलिस लाइन में जवान ने गोली मार की खुदकशी, सारण का था रहने वाला Muzaffarpur news
गोली की आवाज सुनकर आसपास के कमरे से अन्य जवान दौड़ कर आए लेकिन तब तक जवान की मौत हो चुकी थी। मृत जवान की पहचान सारण के अजय कुमार के रूप में हुई है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पुलिस लाइन में तैनात एक जवान ने सर्विस पिस्टल से गोली मार खुदकशी कर ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के कमरे से अन्य जवान दौड़ कर आए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृत जवान की पहचान सारण के अजय कुमार के रूप में हुई है। यह घटना सरकारी क्वार्टर में गुरुवार की सुबह की है। सूचना पर वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। अधिकारी ने जवानों से घटना के संदर्भ में जानकारी ली। जवान मुजफ्फरपुर के पुलिस लाइन में तैनात था।
उसके खुदकशी करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। खुदकशी करने का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। घटना की सूचना सारण में उसके परिवार वालों को दे दी गई है। खुदकशी करने की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। पुलिस लाइन के जवान अपने साथी द्वारा खुदकशी करने से हतप्रभ है। अस्पताल में जवानों की भीड़ लगी हुई है। कई पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंच चुके है।