घोड़ासहन में पश्चिमी चंपारण के भाजपा प्रत्याशी डाॅ. संजय जायसवाल को भीड़ ने घेरा, फायरिंग
ग्रामीणों की भीड़ ने अचानक बोला हमला सांसद समेत कई के वाहनों के शीशे तोड़े आत्मरक्षा में अंगरक्षक और बूथ पर तैनात जवानों ने की फायरिंग घटनास्थल से चार खाली कारतूस जब्त।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थानाक्षेत्र स्थित शेखौना गांव में मतदान केंद्र संख्या-161 व 162 पर पहुंचे भाजपा के प्रत्याशी सह वर्तमान सांसद डाॅ. संजय जायसवाल को एक पक्ष विशेष के लोगों ने बंधक बना लिया। उनपर पथराव भी किए गए। इस दौरान उनके वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुरक्षाबलों की कोशिश से डाॅ. संजय जायसवाल को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया।
अनियंत्रित भीड़ से प्रत्याशी व स्वयं की सुरक्षा करने के निमित सुरक्षाकर्मियों की ओर से चार चक्र फायरिंग किए जाने की सूचना है। बताया गया है कि फायरिंग सांसद डाॅ. जायसवाल के अंगरक्षक व मतदान केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर से की गई। इसके बाद लोगों ने सांसद को बंधक बना लिया। मौके से चार खाली कारतूस जब्त किए गए हैं।
बताया गया है कि मतदान केंद्र संख्या-158 पर मतदान को लेकर दो पक्ष के कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। इस बीच गांव के लोगों की सूचना मिलने के बाद यहां के प्रत्याशी डाॅ. संजय जायसवाल वहां पहुंचे। वहां जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से अभी बात कर 161 व 162 पर पहुंचे कि इतने में एक पक्ष के लोगों ने सांसद व उनके साथ चल रहे द्वितीय पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। फिर सभी को जैसे-तैसे सुरक्षा कर्मियों ने सांसद व उनके साथ चल रहे पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद को बचाया।
इस दौरान जवानों को आत्मरक्षा के लिए फायरिंग करनी पड़ी। मतदान केंद्र के बाहर लोगों की भीड़ खड़ी हो गई और सभी को बंधक बना लिया। लोग जिलाधिकारी व एसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस बीच सांसद ने भी डीएम व एसपी को फोन किया। लेकिन, देर से पहुंचे सिकरहना के एसडीओ ज्ञान प्रकाश व डीएसपी आलोक कुमार ने स्थिति को नियंत्रित किया। एक पक्ष की ओर से आवेदन लिया गया। फिर मामला शांत हुआ।
डीएसपी की गाड़ी से ले जाए गए सांसद
विवाद को सुलझाने के बाद सिकरहना पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार के सरकारी वाहन से सांसद सह प्रत्याशी डाॅ. संजय व पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद को घटनास्थल से सुरक्षित रक्सौल के लिए भेजा गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
सांसद ने कहा- मुझे मेरी चिंता नहीं, पहले आम लोगों का इलाज कराइए
विवाद के काफी देर बाद जब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तो सांसद ने डीएसपी से कहा- हमें कुछ भी हो जाए। कोई दिक्कत नहीं। जो आम लोग इस हमले में घायल हुए हैं, उनका इलाज कराइए। मैंने प्रशासनिक अधिकारियों से बात की। मैंने न तो किसी से कोई विवाद किया। नहीं कोई विवादित बात ही कही है।
इस संबंध में पूर्वी चंपारण जिलाधिकारी रमण कुमार ने कहा कि घटना हुई है। एसडीओ और डीएसपी के नेतृत्व में टीम भेजी गई थी। विवाद को सुलझा लिया गया है। स्थिति सामान्य है। वोटिंग कराया गया है।
घटना के संबंध में पूर्वी चंपारण पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा बोले मामले की जांच चल रही है। सिकरहना पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह को मौके पर भेजा गया है। पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप