Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : ईवीएम में आई खराबी से कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ मतदान
सूबे के सहकारिता राणा रंधीर सिंह व पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने किया वोट! कतार में लोगों के साथ लाइन में खड़े होकर किया अपनी बारी का इंतजार।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। छठे चरण में पूर्वी चंपारण जिले में हो रहे तीन लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान को रविवार की सुबह लोग अपने घरों से निकले और सीधे मतदान केंद्र की राह पकड़ी। जिले में एक पूर्ण लोकसभा पूर्वी चंपारण के अलावा शिवहर के तीन और पश्चिमी चंपारण के तीन विधान सभा क्षेत्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। जिले के कई मतदान केंद्रों पर इवीएम में आई तकनीकी खराबी के कारण मतदान थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ। हालांकि, उसे थोड़ी ही देर में ठीक कर लिया गया।
पूर्वी चंपारण लोकसभा के मोतिहारी विधान सभा के मतदान केंद्र संख्या-125 व 281 पर वोटिंग थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ। सुबह आठ बजे तक कुल 3.5 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मोतिहारी विधान सभा के मतदान केंद्र संख्या 121, 122 व 123 पर लोगों की लंबी लाइन देखी गई। यहां मतदान को पहुंचे डा. एके वर्मा और पत्नी रंभा श्रीवास्तव ने कहा- पहले मतदान करेंगे फिर कोई काम। तभी तो होगी लोकतंत्र की जय।
शिवहर लोकसभा क्षेत्र के मधुबन विधान सभा के मतदान केंद्र संख्या 234, 235 व 236 पर लोगों की लंबी कतार के बीच लाइन में लगकर सूबे के सहकारिता मंत्री ई. राणा रणधीर सिंह ने वोट डाला। वहीं पूर्वी चंपारण लोकसभा के मोतिहारी विधान सभा की केंद्र संख्या 281 पर सूबे के पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने लोगों की कतार में लगकर अपने वोट का प्रयोग किया। दोनों ने कहा- मतदान सबसे बड़ा अधिकार है। इसका उपयोग सभी को करना चाहिए।
बाबुल घर छोड़ने से पहले बेटी व बहू लाने से पहले बेटे ने किया वोट
लोकतंत्र के महापर्व का उत्साह पूर्वी चंपारण जिले में खूब दिखा। धूप से बेपरवाह लोग घरों से निकले और मतदान किया। इस दौरान लोगों ने सबसे पहले वोट किया फिर कोई और काम। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर शादी के दिन मतदान करने बेटियां पहुंची। बेटियों ने कहा- बाबुल का घर छोड़ने से पहले वोट देकर मजबूत लोकतंत्र के स्थापना की मुनादी की है। शिवहर लोकसभा क्षेत्र के ढाका विधान सभा के मतदान केंद्र संख्या-14 पर वोट देने पहुंची घोड़ासहन निवासी राजकुमार गुप्ता की पुत्री सोनी गुप्ता ने वोट किया। सोनी की शादी रविवार को ही होनी है। ऐसे में सोनी जब मतदान केंद्र पहुंची तो लोगों को अपने क्षेत्र की इस बेटी पर गर्व हुआ।
सोनी ने कहा- मतदान का अधिकार हमारा है। यह समानता का अधिकार है। इस देकर बाबुल घर से विदा होना है। उधर पूर्वी चंपारण लोकसभा के मोतिहारी विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-121 पर शहर के शांतिपुरी निवासी कर्ण कुमार ने अपनी बरात सजाने से पहले वोट किया। कहा- वोट का अधिकार पहले लेना है। मैंने फैसला किया कि पहले लोकतंत्र के महायज्ञ में शामिल होंगे इसके बाद ही अपनी बरात लेकर बहू को लाने जाएंगे।
उधर, कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय के तुलसीपट्टी बूथ संख्या 158 पर धनंजय सिह की बेटी अंजली कुमारी ने शादी के जोड़े में सजने से पहले वोट किया। रविवार की शाम में ही इनकी बारात आएगी। अंजली ने कहा- सबसे पहले वोट के अधिकार का प्रयोग करना जरूरी है। शादी शाम में विधि-विधान से होगी। लेकिन, मजबूत सरकार बनाने में मेरा एक वोट सहायक होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप