कटाई मुखिया की संपत्ति की जांच शुरू, हो सकती जब्त
परिजनों के शराब के धंधे से इसे अर्जित करने की आशंका पर जांच। मुखिया का पुत्र सीतामढ़ी में शराब के साथ हो चुका है गिरफ्तार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कटरा की कटाई पंचायत की मुखिया कृष्णा देवी की संपत्ति जब्त हो सकती है। ऐसा उनके परिजनों द्वारा शराब के धंधे से संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका पर किया जा रहा है। वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर कटरा इंस्पेक्टर ने मुखिया की संपत्ति की जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ वर्ष से चल रहा मामला
कटरा थानाध्यक्ष ने उत्पाद व मद्य निषेध के विशेष न्यायाधीश को कटाई मुखिया के पति हेमंत सहनी पर शराब के धंधे में शामिल होने की रिपोर्ट दी थी। इसमें कहा गया था कि दो वाहनों में जब्त करीब 110 लीटर शराब के मामले में मुखिया का पति हेमंत सहनी शामिल था। घटना के समय वह फरार हो गया। वहीं मुखिया का पुत्र मुन्ना सहनी सीतामढ़ी के नानपुर में शराब के साथ पकड़ा कर जेल गया था।
इस रिपोर्ट के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। इसमें कहा गया कि पंचायत चुनाव के समय मुखिया द्वारा दिए गए शपथ पत्र के अनुसार उसके पास एक लाख रुपये मूल्य का मकान था। इसके अलावा चार लाख रुपये मूल्य की दो एकड़ जमीन थी। मगर, वर्तमान में मुखिया के पास 20 से 25 लाख रुपये का मकान है। साथ ही वाहन भी। यह संपत्ति उसके पुत्र व पति के शराब के धंधे से जुड़े होने के कारण अर्जित की गई है।
मुखिया कटाई कृष्णा देवी ने कहा कि 'पंचायत चुनाव में पराजित लोगों की यह साजिश है। मेरे पुत्र व पति को इसके तहत ही फंसाया जा रहा। जमीन बेचकर मकान बना है। कटाई में जब्त शराब मामले में मेरे पति को निर्दोष करार दिया गया है।Ó
इंस्पेक्टर कटरा सर्किल शाहिद हुसैन ने बताया कि 'मुखिया की संपत्ति की जांच शुरू की गई है। मामला अभी अनुसंधान में है। इसके पूरा होने पर ही कुछ कहा जा सकता है।Ó