घंटों रणक्षेत्र बना रहा कोर्ट परिसर
चार साल पहले किशोर वय की लड़की व लड़के के बीच पनपे प्यार को ऊंच-नीच की नफरत की दीवार में कैद किए जाने का कोशिश की जा रही थी।
मुजफ्फरपुर। चार साल पहले किशोर वय की लड़की व लड़के के बीच पनपे प्यार को ऊंच-नीच की नफरत की दीवार में कैद किए जाने का कोशिश की जा रही थी। बालिग हुई लड ़की व लड़के ने चार दिन पहले इस नफरत की दीवार को तोड़ जीवन भर साथ मरने-जीने की कसम खाकर घर से भाग निकले। इस नफरत की दीवार को तोड़ प्रेमी युगल एक हो गए। हर प्रेम कहानी की तरह इसमें भी वही हुआ जो अन्य में होता है। लड़की के पिता ने लड़का सहित सात लोगों के विरुद्ध शादी की नीयत से लड़की के अपहरण की प्राथमिकी सदर थाना में दर्ज करा दी। इस मामले को लेकर मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस सक्रिय हुई और लड़की को बरामद कर कोर्ट में बयान दर्ज कराने लाई। इसके बाद तो लड़की पक्ष वालों का गुस्सा फूट पड़ा और कचहरी परिसर रणक्षेत्र में बदल गया।
ऊंच-नीच की सोच से भड़की भावना : एक ही समुदाय के लड़का-लड़की के होने के बाद भी दोनों की उपजातियों में अंतर ने शुरू से ही इस संबंध को लड़की पक्ष के लोग स्वीकार कर नहीं रह रहे थे। एक प्रतिष्ठित कॉलेज में बीसीए का छात्र लड़के की पक्ष की मजबूत आर्थिक स्थिति के बाद भी वे किसी भी हालत इस संबंध को मानने को तैयार नहीं थे। पहले तो लड़की पर बंदिशे लगाई गई, लेकिन इससे भी बात नहीं बनी।
बाहर से आकर बसे हैं मोहल्ले में : लड़का पक्ष के लोग मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले हैं तो लड़की पक्ष के लोग मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के हैं। दोनों परिवार सदर थाना क्षेत्र के एक ही मोहल्ले में वर्षो से रह रहे है। दोनों परिवार के बीच जान-पहचान व आना-जाना है। इसी क्रम में लड़का व लड़की के बीच प्रेम संबंध परवान चढ़ा। इसकी परिणीति दोनों परिवारों के बीच मारपीट में हुई। एक ही समुदाय व बालिग होने के बाद भी इस तरह आमने-सामने होने की चर्चा सरेआम होती रही।