विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला सेतु 30 सितंबर से बंद: मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु होकर गुजरेंगे वाहन, जाम से निपटने की तैयारी पूरी

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:13 PM (IST)

विक्रमशिला सेतु आज रात 12 बजे से बंद हो जाएगा, जिससे उत्तरी बिहार जाने वाले वाहन मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु से गुजरेंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु आज रात 12 बजे से बंद होगा।

  2. उत्तरी बिहार के वाहन मुंगेर श्रीकृष्ण सेतु से गुजरेंगे।

  3. जाम से निपटने 30 ट्रैफिक जवान तैनात, साइनबोर्ड लगे।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। विक्रमशिला सेतु 30 सितंबर रात 12 बजे से बंद हो जाएगा। इसके बाद उत्तरी बिहार, कोसी-सीमांचल की तरफ जाने वाले सभी वाहन मुंगेर श्रीकृष्ण सेतु होकर गुजरेंगे।

ऐसे में मुंगेर से गुजरने वाले फोरलेन पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। संभावित जाम से निपटने के लिए जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआइ ने तैयारी पूरी करने का दावा किया है।

फोरलेन पर बने डायवर्सन पर साइनबोर्ड लगाए गए हैं। वाहन चालकों को निर्धारित रूट से परिचालन कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ट्रैफिक थाना की ओर से फोरलेन और एनएच-80 पर पांच स्थानों पर 30 ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी 24 घंटे लगाई गई है। तीन शिफ्ट में जवान तैनात रहेंगे।

नया रामनगर, तेलिया तालाब, बरियारपुर डायवर्सन, बरियारपुर ओवरब्रिज और एनएच-80 पर बरियारपुर थाना के समीप ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।

WhatsApp Image 2026-09-29 at 6.57.53 PM

इन स्थानों पर जवान वाहन चालकों को डायवर्सन और फोरलेन पर चढ़ने-उतरने की जानकारी देंगे। जाम की स्थिति बनने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास करेंगे। सफियासराय चौक पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई है।

वर्षा हुई तो होगी चुनौती

वर्तमान में फोरलेन के टू-लेन हिस्से से वाहनों का परिचालन शुरू हो चुका है, लेकिन कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। भागलपुर से आने के क्रम में बरियारपुर में एनएच-80 और खड़गपुर की ओर जाने वाले वाहनों को सोतीपुल के समीप डायवर्सन से नीचे उतरना पड़ता है।

यहां वर्षा के बाद कीचड़ के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। एनएचएआइ के परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि दो दिनों के अंदर सर्विस रोड और डायवर्सन को छर्री-सीमेंट से मोटरेबल कर लिया जाएगा। इससे वर्षा में भी वाहनों के फंसने की समस्या कम होगी और फोरलेन पर यातायात सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

विक्रमशिला सेतु बंद होने के फोरलेन पर लगने वाले संभावित जाम से निबटने की पूरी तैयारी कर ली गई है। फोरलेन और एनएच 80 पर पांच स्थानों पर 30 ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। फोरलेन पर डायवर्सन वाले स्थानों पर साइनऐज लगाया गया है, ताकि वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी नही हो। - प्रभात रंजन, ट्रैफिक डीएसपी, मुंगेर