विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर के तारापुर में जमीन विवाद में मर्डर, इलाज के दौरान किसान श्रीकांत सिंह ने तोड़ा दम, गांव में तनाव का माहौल

Published: Wed, 16 Sep 2026 05:33 PM (IST)

Munger Tarapur Kamargama Land Dispute Murder News: मुंगेर के तारापुर स्थित कमरगामा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई खूनी ...और पढ़ें

Munger Tarapur Kamargama Land Dispute Murder News तारापुर के कमरगामा गांव में घटना स्थल की जांच करती पुलिस टीम

Munger Tarapur Kamargama Land Dispute Murder News तारापुर के कमरगामा गांव में घटना स्थल की जांच करती पुलिस टीम 

HighLights

  1. तारापुर में जमीन विवाद के चलते किसान श्रीकांत सिंह की मौत।

  2. खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल।

  3. पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। Munger Tarapur Kamargama Land Dispute Murder News: मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरगामा गांव में जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश ने मंगलवार की देर रात अत्यंत खूनी रूप ले लिया। आधी रात के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच लाठी-डंडे, लोहे की सरिया, ईंट व कुदाल से हिंसक मारपीट हुई।

इस भीषण हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय किसान श्रीकांत सिंह की इलाज के दौरान जेएलएनएमसीएच (JLNMCH) भागलपुर में मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में गहरा तनाव और मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात करीब 3 बजे जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी शुरू हुई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से हमला बोल दिया गया। जानलेवा हमले में श्रीकांत सिंह और उनका पुत्र सुभाष सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में श्रीकांत सिंह को अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

दोनों पक्षों के 5 लोग घायल, पुलिस कस्टडी में चल रहा इलाज

इस भीषण खूनी संघर्ष में मृतक श्रीकांत सिंह का पुत्र सुभाष सिंह भी बुरी तरह घायल है, जिसका इलाज जारी है। वहीं, मारपीट में दूसरे पक्ष के भी तीन लोग—धर्मेंद्र चौधरी, शंकर चौधरी और इंदू देवी घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर में भर्ती कराया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उनका इलाज किया जा रहा है।

आरोपियों पर FIR दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी

घटना की जानकारी देते हुए तारापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) निशांत गौरव ने बताया कि मृतक के घायल पुत्र सुभाष सिंह का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है। बयान के आधार पर कुल 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। SDPO ने बताया कि दूसरे पक्ष से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।