होटल में पकड़े गए प्रेमी युगल, थानाध्यक्ष ने करवा दिया निकाह
घर से भाग कर होटल में रूके प्रेमी युगल का थानाध्यक्ष ने निकाह करवा दिया। प्रेमी युगल ने बताया कि दोनों पांच साल से प्रेम कर रहे हैं। घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे।
मुंगेर [जेएनएन]। बिहार के मुंगेर शहर के एक होटल से हिरासत में लिए प्रेमी युगल का कोतवाली थानाध्यक्ष ने निकाह करा दिया। इस दौरान दोनों के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया गया और सहमति ली गई।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात कोतवाली थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना पर प्रेमी युगल को हिरासत में लिया था। कोतवाली के प्रभारी थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने दोनों से देर तक पूछताछ की। पूछताछ में युवती ने बताया कि दोनों का पिछले पांच साल से प्रेम संबंध चल रहा है। घर वालों के दबाव के चलते निकाह की बात टल जाती थी। आखिरकार दोनों घर से भागकर मुंगेर आ गए। प्रेमी मु. नुमान (25) पुत्र मुहम्मद मोहसीन हवेली खडग़पुर थाना क्षेत्र के गौरा का रहने वाला है। युवती भी उसी के गांव की है।
कोतवाली प्रभारी थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि युवती तालिमी मरकज में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। दोनों के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। गुरुवार को पुलिस ने दोनों के परिजनों को कोतवाली बुलाया और आपसी सुलह कराने की कोशिश की।
दोनों पक्षों की सहमति के बाद पुलिस ने पहल करते हुए शहर काजी मुफ्ती मु. मोइज उद्दीन को कोतवाली बुलाया। इसके बाद काजी ने दोनों परिवार के सामने और पुलिस वालों को गवाह बना कर निकाह कराया। निकाह के समय लड़की पक्ष की ओर से उसकी मां जीनत खातून, लड़की के चाचा मु. बाकीर अली, मामा अरशद आलम, लड़का पक्ष की ओर से मामा मु. असद उर्फ पप्पू, मु. शकील, मु. शाकीर, मु. आबीद सहित समाज के लोग शामिल हुए।