मुंगेर में संघ के शताब्दी वर्ष पर स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन, जगह-जगह हुआ स्वागत; शस्त्र पूजन का भी आयोजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर जमालपुर, मुंगेर में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। ...और पढ़ें

स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन
HighLights
जमालपुर में RSS का शताब्दी वर्ष पथ संचलन
स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश दिया
कार्यक्रम में शस्त्र पूजन और बौद्धिक सत्र भी हुआ
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को जमालपुर खंड का पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर से शुरू हुए पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। अनुशासित कदमताल के साथ स्वयंसेवकों ने संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
जिला प्रचार प्रमुख बसंत राणा के अनुसार, पथ संचलन सरस्वती विद्या मंदिर से निकलकर गांधी पुस्तकालय, मुंगेर रोड, जुबली वेल, स्टेशन रोड, बारात मोड़, सदर बाजार, अवंतिका रोड और रामपुर बस्ती होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में स्वयंसेवकों का अनुशासित संचलन आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद विद्यालय परिसर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि बिमल विश्वकर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज में सामाजिक समरसता स्थापित करने और आपसी सद्भाव मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। समाज में एकता बनाए रखना समय की आवश्यकता है।
100 वर्षों से हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए कर रहे कार्य
मुख्य बौद्धिक वक्ता राणा प्रताप ने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज को संगठित करने के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने जातिवाद और प्रांतवाद के आधार पर समाज को विभाजित करने के प्रयासों के प्रति सजग रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि संघ पिछले 100 वर्षों से हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में खंड कार्यवाह विक्रम कुमार, जिला सह संघचालक विनेश शर्मा, जिला प्रचारक अमरजीत कुमार, रितेश कुमार, सुमंत कुमार, बिपिन चौरसिया, अंबिका प्रसाद, धीरज कुमार और कुंदन कुमार सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
