मुंगेर में रिटायर्ड प्राचार्य से दिनदहाड़े लूट, बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाला था पैसा
जमालपुर के गायत्री नगर में अवकाश प्राप्त प्राचार्य मणिकांत झा से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की छिनतई हुई। बैंक से ...और पढ़ें
-1769589574310_m.webp)
घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
अवकाश प्राप्त प्राचार्य से दिनदहाड़े दो लाख की छिनतई।
बाइक सवार बदमाशों ने मुंगेर के जमालपुर में वारदात की।
बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले थे पैसे।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर के वी मार्ट के सामने गली संख्या तीन में सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।
मुंगेर यूपी वर्मा कालेज के अवकाश प्राप्त प्राचार्य मणिकांत झा से दो बाइक सवार बदमाशों ने दो लाख रुपये की छिनतई कर कुछ दूर तक उन्हें घसीटा भी।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, जबकि पीड़ित ने किसी तरह खुद को संभालते हुए स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
मणिकांत झा बैंक से रुपये निकालकर पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गायत्री नगर गली संख्या तीन के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपये से भरा थैला छीन लिया।
इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पीड़ित प्राचार्य ने बताया कि रुपये घर के जरूरी कार्यों के लिए निकाले गए थे। दिनदहाड़े इस तरह की घटना से वे काफी आहत और डरे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे है। पीड़ित ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी 5 फरवरी को है उसी के लिए पैसा पंजाब नेशनल बैंक से निकाल कर घर जा रहे थे।
