मुंगेर के ऐतिहासिक राजा-रानी तालाब में शुरू हुआ नौकायन, बोटिंग का आनंद लेने पहुंच रहे लोग
मुंगेर के राजा-रानी तालाब में लंबे इंतजार के बाद नौकायन शुरू हो गया है, जिससे शहर को मनोरंजन और पर्यटन का नया केंद्र मिला है।

HighLights
राजा-रानी तालाब में नौकायन का शुभारंभ हुआ, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।
महापौर कुमकुम देवी और नगर आयुक्त ने किया इसका शुभारंभ।
पर्यटकों ने पेयजल और शौचालय सुविधाओं में सुधार की मांग की।
संवाद सूत्र, मुंगेर। लंबे इंतजार के बाद राजा-रानी तालाब में नौकायन शुरू हो गया है। इससे पर्यटन को नया आयाम मिलने की उम्मीद जगी है। एक दिन पूर्व महापौर कुमकुम देवी और नगर आयुक्त ने इसका शुभारंभ किया।
पहले दिन लोगों को मुफ्त सैर का मौका मिला, जिससे तालाब परिसर में काफी चहल-पहल रही। सोमवार को भी करीब 40 लोगों ने नौकायन का आनंद लिया।
अब यह तालाब शहरवासियों के लिए मनोरंजन और सुकून का नया ठिकाना बन रहा है। संचालक को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खगड़िया, बेगूसराय समेत आसपास के जिलों से भी पर्यटक यहां पहुंचेंगे।
इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। नौका विहार का आनंद लेने पहुंचे शुभम और राजीव ने व्यवस्था की सराहना की।
उन्होंने कहा कि तालाब में घूमने और नौकायन की सुविधा लोगों को आकर्षित करेगी। हालांकि, उन्होंने पेयजल और शौचालय की सुविधा दोनों छोर पर उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।
परिसर के एक हिस्से में लगे सबमर्सिबल का पानी भी पीने योग्य नहीं है। आरती और रानी ने भी नौकायन को अच्छी पहल बताते हुए कहा कि शौचालय की दूरी के कारण परेशानी होती है।
तालाब के दोनों छोर पर स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा मिलने से महिलाओं, बच्चों और परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों को सहूलियत होगी।
बुनियादी सुविधाओं में सुधार के साथ राजा-रानी तालाब शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान मजबूत कर सकता है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर का भीमबांध बनेगा प्रमुख पर्यटन केंद्र, राजगीर में बनेगा 'क्लिफ वाक'; बिहार में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा
