'मशरूम लेडी' वीणा देवी का बढ़ा मान, पीएम मोदी के बुलावे पर बिहार से दिल्ली पहुंचीं
मुंगेर की 'मशरूम लेडी' वीणा देवी प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर दिल्ली में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शामिल होंगी। ...और पढ़ें

'मशरूम लेडी' वीणा देवी का बढ़ा मान, पीएम मोदी के बुलावे पर बिहार से दिल्ली पहुंचीं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, टेटिया बंबर (मुंगेर)। जिले के छोटे से गांव टेटिया बंबर प्रखंड की तिलकारी की मिट्टी से उठकर बड़े सपनों को साकार करने वाली मशरूम लेडी वीणा देवी आज देश की नारी शक्ति की पहचान बन चुकी हैं।
टेटिया बंबर प्रखंड के तिलकारी गांव की रहने वाली वीणा देवी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जहां वह 18 अप्रैल को संसद भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में भाग लेंगी।
बिहार से इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए एकमात्र महिला के रूप में उनका चयन न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष की जीत है, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण भी है।
यह उपलब्धि यह साबित करती है कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाली महिलाएं भी अपनी मेहनत, लगन और संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
वीणा देवी की सफलता की कहानी किसी प्रेरक गाथा से कम नहीं है। सीमित संसाधनों और सामाजिक चुनौतियों के बीच उन्होंने मशरूम उत्पादन को अपनाया और धीरे-धीरे इसे अपनी पहचान बना लिया। शुरुआत में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
आज वह न केवल खुद आत्मनिर्भर बनीं, बल्कि आसपास की कई महिलाओं को भी रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखाया।
बड़े मंच पर हो चुकी हैं सम्मानित
वीणा देवी को उत्कृष्ट कार्यों को देश-विदेश में सराहा गया है। आठ मार्च 2020 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा राज्य सरकार और विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
हाल ही में 12 मार्च को दिल्ली के क्राउन प्लाजा, ओखला में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं के बीच अपनी सफलता की कहानी साझा की। उनकी बातें सुनकर कई युवतियों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।
गांव से संसद तक का सफर
वीणा देवी का संसद भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे टेटिया बंबर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। यह उस बदलाव का प्रतीक है, जिसमें गांव की महिलाएं अब राष्ट्रीय मंचों तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
उनके दिल्ली रवाना होने की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। लोग इसे अपने क्षेत्र का सम्मान मानते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं। वीणा देवी आज उन लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।
उनका यह सफर बताता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। मशरूम की खेती से शुरू हुआ यह सफर अब संसद तक पहुंच चुका है, और यह कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह दिखा रही है।
