घटना को अंजाम देने के पूर्व छत पर बैठ कर चोरों ने पी थी शराब
मुंगेर। बरियारपुर बाजार में दुर्गा स्थान के ऊपर अवस्थित बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा पहले भ
मुंगेर। बरियारपुर बाजार में दुर्गा स्थान के ऊपर अवस्थित बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा पहले भी चोरों के निशाने पर आ चुका है। चोरों ने पहले भी चोरी का असफल प्रयास किया है। इसके बावजूद बैंक की सुरक्षा के लिए कोई विशेष प्रयास नहीं किया गया, जिसके कारण चोरों ने फिर इस बैंक को निशाना बनाया।
पूर्व में हुई चोरी की घटना में चोर सिर्फ स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ कर ही सायरन बजने के कारण फरार हो गए थे, लेकिन घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि इस बार चोर बहुत तैयारी से आए थे और निश्चिंत भी थे। घटना को अंजाम देने के पूर्व चोरों ने छत पर बैठ कर शराब भी पी। यहां शराब की बोतल के दो सील, 6 प्लास्टिक की ग्लास, भूजिया का रैपर तथा कागज के प्लेट में नाश्ता इसकी सबूत दे रहे थे। चोरों की संख्या तीन या छह रही होगी। चोरों ने तार काटने के लिए लाए दो चाकू तथा स्ट्रांग रूम में एक पेचकस भी छोड़ गए हैं।
पूर्व में 24 अक्टूबर 2017 में बैंक में चोरी का प्रयास किया गया था। जिसमें चोरों ने सभी कंप्यूटर सेट, वी सेट सीसीटीवी कैमरा के हार्ड डिस्क सहित कई चीजों को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके कारण दस दिनों तक बैंक का काम प्रभावित हुआ था। उस समय हुई घटना में भी चोरों का पता नहीं चल पाया था। रविवार की घटना में भी चोर उन्हीं चीजों को अपने साथ ले गए। जिससे उनके पहचान होने की संभावना बनी हुई थी। इससे स्पष्ट है कि सभी चोर शातिर और प्रोफेशनल हैं।
आसपास के लोगों ने बताया कि उनलोगों ने बैंक के सायरन की आवाज नहीं सुनी। कई साल पूर्व चोरों ने कल्याणपुर में अवस्थित ग्रामीण बैंक के शाखा में चोरी करने का प्रयास किया था, लेकिन मकान मालिक के नौकर की सक्रियता के कारण चोर सफल नहीं हो पाये थे।
-----------
बैंकों की सुरक्षा भगवान भरोसे
संवाद सूत्र, बरियारपुर (मुंगेर) : प्रखंड में बैंकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। प्रखंड में सात राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा है। जिनमें बिहार ग्रामीण बैंक की खड़िया, कल्याणपुर, बरियारपुर, एसबीआइ, इलाहावाद बैंक, बैंक आफ इंडिया, यूको बैंक। इनमें सिर्फ बैंक ऑफ इंडिया और इलाहाबाद बैंक में ही सुरक्षा गार्ड पदस्थापित हैं।