मुंगेर: कमरे में फंदे से लटकता मिला महिला का शव; मायके वालों ने लगाया ₹10 लाख और बुलेट के लिए हत्या का आरोप
मुंगेर के चुरंबा गांव में एक विवाहिता तमन्ना परवीन का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला, ...और पढ़ें

वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव की घटना; पांच वर्ष पूर्व हुई थी शादी, पीछे छूट गई तीन वर्ष की मासूम बच्ची
HighLights
मुंगेर में विवाहिता का शव ससुराल के कमरे में फंदे से मिला।
मायके वालों ने ₹10 लाख और बुलेट के लिए दहेज हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर, मामले की गहन जांच जारी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव में शनिवार की सुबह एक विवाहिता का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मु. सैफ अली की 25 वर्षीय पत्नी तमन्ना परवीन के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वासुदेवपुर और पूरबसराय थाने की पुलिस फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, वहीं एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना के बाद मृतका के मायके वालों में कोहराम मच गया है। मृतका अपने पीछे तीन साल की एक मासूम बेटी छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
₹10 लाख और बुलेट के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के पिता मुन्ना खां ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर तमन्ना का निकाह गांव के ही नुरउद्दीन के बेटे सैफ अली से कराया था।
पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर तमन्ना को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप यह भी है कि सैफ अली ने विदेश जाने के लिए भी मायके से रुपयों की मांग की थी, लेकिन असमर्थता जताने पर परिजनों ने विरोध किया। बाद में किसी तरह सैफ विदेश चला गया, जिसके बाद सास, ससुर और देवर मिलकर तमन्ना पर लगातार दबाव बना रहे थे।
हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
मृतका के पिता का गंभीर आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले तमन्ना की हत्या कर दी और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष पर कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
"शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों कोणों से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और उसी आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
