विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर : युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 56 बार में वसूले ₹25 लाख; ब्लैकमेलिंग से तंग आकर थाने पहुंचा परिवार

Published: Fri, 21 Aug 2026 04:55 PM (IST)

मुंगेर में एक युवती को नहाते समय बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपये वसूले गए। लगातार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. युवती को नहाते समय वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

  2. आरोपी महिला ने 56 बार में 25 लाख रुपये वसूले।

  3. पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।

संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का स्नान करते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और करीब 25 लाख रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, बदनामी के खौफ में उन्होंने आरोपित महिला को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए 56 बार में कुल 25 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर की।

इसके बावजूद आरोपित की ओर से लगातार पैसों की मांग और धमकियों का सिलसिला नहीं थमा, जिसके बाद परेशान होकर परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार बनकर घर आई, बाथरूम में बनाया वीडियो

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि यह पूरा मामला अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ था। नामजद आरोपित महिला मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वह युवती के पड़ोसी की रिश्तेदार है। रिश्तेदारी के चलते महिला का गांव में अक्सर आना-जाना था और वह करीब दो महीने तक पड़ोस में रुकी भी थी। इसी दौरान उसका युवती के घर आना-जाना और मेलजोल बढ़ा।

आरोप है कि मौका पाकर महिला ने युवती का बाथरूम में स्नान करते समय चुपके से वीडियो बना लिया और बाद में अपने घर लौट गई।

56 बार में भेजे ₹25 लाख, फिर भी नहीं थमी मांग

दिसंबर 2025 में आरोपित महिला ने वह आपत्तिजनक वीडियो युवती के मोबाइल पर भेजा और उसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपयों की मांग शुरू कर दी। सामाजिक बदनामी के डर से परिवार ने शुरुआत में करीब चार लाख रुपये दे दिए।

लेकिन इसके बाद महिला लगातार और पैसों के लिए दबाव बनाने लगी। भयभीत युवती ने अपने बैंक खाते के साथ-साथ अपनी दादी और पिता के खातों से भी पैसे भेजे। कई बार स्थानीय साइबर कैफे के माध्यम से भी ऑनलाइन भुगतान कराया गया। इस तरह 56 किस्तों में कुल 25 लाख रुपये आरोपित तक पहुंचाए गए।

पुलिस को सौंपे वीडियो व बैंक लेन-देन के साक्ष्य

रुपयों की लगातार बढ़ती मांग और मानसिक प्रताड़ना से आजिज आकर पीड़ित परिवार ने आखिरकार पुलिस की शरण ली। युवती ने पुलिस को धमकी वाले वीडियो फुटेज और 56 बार किए गए बैंक ट्रांजेक्शन की पूरी विवरणी साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराई है।

"घटनास्थल और परिस्थितियों का जायजा लेकर छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपित और शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), यूपीआई/क्यूआर कोड और बैंक ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही है। रुपये किन-किन खातों में ट्रांसफर हुए हैं, उनके धारकों की भूमिका भी जांची जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

-

संजीव कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष, हवेली खड़गपुर