विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षकों की आपसी रंजिश, बच्चों की थाली खाली: मुंगेर में 51 दिन तक मिड-डे मील बंद रखने वाले 2 टीचर सस्पेंड

Published: Fri, 28 Aug 2026 04:36 PM (IST)

शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की मनमानी और विवादों पर सख्ती दिखाते हुए मुंगेर के रामबिहारीपुर प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों ...और पढ़ें

मुंगेर में 51 दिन तक मिड-डे मील बंद रखने वाले 2 टीचर सस्पेंड (AI Generated Image)

मुंगेर में 51 दिन तक मिड-डे मील बंद रखने वाले 2 टीचर सस्पेंड (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, मुंगेर। शिक्षकों की मनमानी और आपसी विवाद से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने के मामलों में शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। हवेली खड़गपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय रामबिहारीपुर में आपसी खींचतान के कारण 51 दिनों तक मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बंद रहने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक भूपेंद्र कुमार दास और सहायक शिक्षक स्वदेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, धरहरा प्रखंड के मध्य विद्यालय गोविंदपुर में छात्राओं से कथित अनुचित व्यवहार के आरोपों के मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलते ही आरोपित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि रामबिहारीपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के विवाद का सीधा असर बच्चों पर पड़ा।

51 दिनों तक एमडीएम बंद रहने से बच्चों को सरकारी योजना के तहत मिलने वाला भोजन नहीं मिल सका। मामले के समाचार पत्र में प्रकाशित होने के बाद 52वें दिन एमडीएम शुरू हुआ।

विद्यालय की अव्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने तालाबंदी भी की थी। प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षक एमडीएम संचालन को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। विभागीय जांच के बाद दोनों पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

प्रभार को लेकर भी सामने आए अलग-अलग दावे

पीएस रामबिहारीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक भूपेंद्र कुमार दास का कहना था कि उन्हें 30 जुलाई 2025 को विद्यालय का प्रभार मिला था। उनके अनुसार प्रभार लेने के बाद भी एमडीएम का संचालन शिक्षक स्वदेश कुमार कर रहे थे और एक जुलाई तक भोजन बना। इसके बाद एमडीएम बंद हो गया।

दूसरी ओर, स्वदेश कुमार ने एमडीएम संचालन की जिम्मेदारी से ही इनकार किया। विवाद के कारण विद्यालय का माहौल लगातार खराब होता रहा। ग्रामीणों ने शिक्षकों पर अभद्र भाषा और विरोध करने पर केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप भी लगाए थे।

विवाद सुलझाने के कई प्रयास रहे बेनतीजा

डीईओ कुणाल गौरव के अनुसार दोनों शिक्षकों के बीच विवाद समाप्त कराने के लिए बीआरपी स्तर से तीन बार प्रयास किया गया। एमडीएम कार्यक्रम से जुड़े डीपीएम और लेखापाल ने भी विद्यालय पहुंचकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया। इसके बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हुई। अंततः विभाग ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया।

उधर, धरहरा के मध्य विद्यालय गोविंदपुर में छात्राओं ने शिक्षक अब्बा अजीज पर बैड टच और अश्लील बातें करने का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस आरोपित शिक्षक को पूछताछ के लिए थाना ले गई थी। हालांकि, अभिभावकों ने लिखित शिकायत नहीं दी।

मामले की जांच के लिए डीईओ ने डीपीओ एमडीएम सोनी कुमारी को निर्देश दिया था। डीपीओ ने बीईओ और बीआरपी एमडीएम को जांच सौंपी, लेकिन अब तक रिपोर्ट डीईओ को नहीं मिली है। डीईओ ने कहा कि रिपोर्ट प्राप्त होते ही मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।