स्मार्ट व स्वच्छ शहर की दिशा में बड़ा कदम: मुंगेर में लाखों की लागत से 27 मूत्रालय व 5 सामुदायिक शौचालयों को मंजूरी
मुंगेर शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी से जूझ रहे नागरिकों, यात्रियों और दुकानदारों को अब राहत मिलेगी। नगर निगम ...और पढ़ें

Munger Nagar Nigam: मुंगेर शहर में 27 जगहों पर बनेंगे मूत्रालय और 5 स्थानों पर सामुदायिक शौचालय, निगम बोर्ड ने दी मंजूरी
HighLights
मुंगेर में 27 मूत्रालय और 5 सामुदायिक शौचालय बनेंगे।
महिलाओं, बुजुर्गों को खुले में शौच से मिलेगी मुक्ति।
पुराने शौचालयों के जीर्णोद्धार और रखरखाव पर भी जोर।
संवाद सूत्र, मुंगेर। मुंगेर शहर में खरीदारी, इलाज अथवा विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचने वाले आम नागरिकों, यात्रियों और दुकानदारों को सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय के अभाव में लंबे समय से भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और ओडीएफ मुक्त बनाने के दावों के बीच यह बुनियादी कमी नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
हालांकि, अब निगम बोर्ड की सामान्य बैठक में शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों में 27 मूत्रालय और 5 उन्नत पक्के सामुदायिक शौचालय बनाने की व्यापक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
शहर में इन 27 चिह्नित स्थलों पर लगाए जाएंगे मूत्रालय
नगर निगम ने शहर के प्रमुख आवागमन वाले मार्गों और बाजारों में मूत्रालय निर्माण के लिए 27 स्थल चिह्नित किए हैं। इनमें मुख्य रूप से बड़ी बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पास, कृपाराम पुल, बेकापुर के समीप, निजी बस पड़ाव के सामने प्याऊ के निकट, पूर्वी किला द्वार, दिलीप धर्मशाला, मुंगेर रेलवे स्टेशन के पास रिफ्यूजी कॉलोनी और नंदकुमार उद्यान के निकट मूत्रालय बनाए जाएंगे।
इसके अलावा लल्लू पोखर तीनबटिया, महिला महाविद्यालय के समीप, भारती भवन के पीछे वाली गली, मनसरी तल्ले तीनबटिया, बेकापुर लोहापट्टी, शिवाजी चौक, पूरबसराय पुल, कौड़ा मैदान, शाहजुबैर रोड और दो नंबर गुमटी के पास भी मूत्रालय लगाने की सहमति बनी है।
महिलाओं व बुजुर्गों को खुले में जाने की मजबूरी से मिलेगी राहत
मुंगेर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों जैसे बड़ी बाजार, बेकापुर, पूरबसराय, कौड़ा मैदान और रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सार्वजनिक सुविधा की अनुपलब्धता के कारण खासकर महिलाओं, युवतियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को मजबूरी में खुले में जाना पड़ता है, जिससे स्वच्छता अभियान पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। नए मूत्रालय बन जाने से इस समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।
मुंगेर नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर में 27 स्थानों पर मूत्रालय और 5 प्रमुख जगहों पर पक्के सामुदायिक शौचालय निर्माण की योजना को मिली सर्वसम्मति से मंजूरी
बड़ी बाजार, पूरबसराय, मुंगेर स्टेशन, कौड़ा मैदान और बेकापुर समेत भीड़भाड़ वाले 27 इलाकों में लगेंगे आधुनिक मूत्रालय
सोझीघाट, बीआरएम कॉलेज, पोलो मैदान, नगर भवन और बिहार बोर्ड परीक्षा समिति भवन के निकट बनेंगे सामुदायिक शौचालय
महिलाओं और बुजुर्गों को खुले में जाने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति; पुराने जर्जर शौचालयों के जीर्णोद्धार और नियमित रखरखाव पर भी जोर
5 प्रमुख स्थानों पर बनेंगे पक्के सामुदायिक शौचालय
निगम बोर्ड ने भीड़भाड़ और अत्यधिक जनआवागमन को ध्यान में रखते हुए 5 प्रमुख स्थानों पर उन्नत पक्के सामुदायिक शौचालय बनाने की योजना को स्वीकृति दी है। ये शौचालय बिहार विद्यालय परीक्षा समिति भवन के निकट, सोझीघाट, बीआरएम महाविद्यालय, पोलो मैदान और नगर भवन के पास बनाए जाएंगे।
पुराने जर्जर शौचालयों का जीर्णोद्धार भी जरूरी
शहर में नए निर्माण के साथ-साथ पूर्व से बने जर्जर शौचालयों को दुरुस्त करना भी निगम के सामने एक बड़ी चुनौती है। शहर के कई पुराने शौचालयों में नियमित पानी की आपूर्ति नहीं है और साफ-सफाई के अभाव में वे बदहाल स्थिति में हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नए निर्माण के साथ-साथ पुराने शौचालयों की मरम्मत, नियमित पानी की व्यवस्था और दैनिक सफाई का सुदृढ़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि यह योजना धरातल पर पूरी तरह प्रभावी साबित हो सके।
