खाकी पर दाग, मुंगेर SP का एक्शन: थाने में 4 घंटे बैठाकर युवकों से मारपीट करने वाले 2 SI सस्पेंड
मुंगेर में दो पुलिस सब-इंस्पेक्टरों, चंदन कुमार और नीतीश कुमार को निर्दोष युवकों के साथ दबंगई करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद (फाइल फोटो)
HighLights
मुंगेर में दो सब-इंस्पेक्टरों को किया गया निलंबित।
निर्दोष युवकों के साथ दबंगई करने का था आरोप।
एसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। वर्दी की हनक दिखाकर निर्दोष युवकों के साथ दबंगई करने के मामले में बरियारपुर थाना के एसआइ चंदन कुमार और शामपुर थाना के एसआई नीतीश कुमार को पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
ट्रैफिक डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ खड़गपुर की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने बताया कि पटना जिले के सौरभ कुमार सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सात अगस्त को शामपुर थाना में तैनात अपर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और बरियारपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने थाना परिसर में उनके साथ मारपीट की। मामले की जांच ट्रैफिक डीएसपी से कराई गई।
जांच में सामने आया कि दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद युवकों को करीब चार घंटे तक थाना परिसर में बैठाए रखा, लेकिन इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को नहीं दी। जांच रिपोर्ट में इसे संदेहास्पद माना गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मामले को अपरिपक्व तरीके से संभाला गया। यदि युवकों से कोई विधि-विरुद्ध कार्य हुआ भी था तो उन्हें समझाकर और वैधानिक प्रक्रिया अपनाकर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया जा सकता था।
एसपी ने कहा कि दोनों अधिकारियों की कार्यशैली और परिपक्वता की कमी के कारण मामला अनावश्यक रूप से गंभीर हो गया। इसी आधार पर दोनों एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, मुंगेर रहेगा।
