विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवैध बालू खनन रोकने गई मुंगेर पुलिस पर हमला, हिरासत से आरोपी को छुड़ाया

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:34 PM (IST)

मुंगेर के मंजूरा घाट पर अवैध बालू खनन रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और पत्थरबाजी की गई।

अवैध बालू के खनन रोकने पहुंची पुलिस पर हमला, हिरासत से आरोपित को छुड़ाया

अवैध बालू के खनन रोकने पहुंची पुलिस पर हमला, हिरासत से आरोपित को छुड़ाया

HighLights

  1. अवैध बालू खनन रोकने गई पुलिस टीम पर हमला।

  2. पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और पत्थरबाजी की गई।

  3. हिरासत में लिए गए युवक को आरोपियों ने छुड़ाया।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के मंजूरा घाट पर मंगलवार को अवैध बालू खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, गाली-गलौज और पत्थरबाजी करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ाकर ले जाने के आरोप में तीन नामजद सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार केहरी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि महाने नदी के घाट पर अवैध रूप से बालू निकालकर ट्रैक्टर पर लोड किया जा रहा है। बालू को प्लास्टिक के बोरी में भी भरा जा रहा था।

सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस टीम मंजूरा घाट पहुंची। वहां सुमेश कुमार को मजदूरों की मदद से बालू लोड करते और बोरों में भरते देख पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, सुमेश कुमार को पकड़े जाने के दौरान विवेक कुमार उर्फ मयंक कुमार, वरुण कुमार सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और हिरासत में लिए गए।युवक को छुड़ाने का प्रयास किया।

प्राथमिकी के अनुसार, विवेक कुमार उर्फ मयंक कुमार ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर चलाया। घटना के दौरान पुलिस टीम के सरकारी कार्य में बाधा डालने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।

लाइसेंसी राइफल लेकर पहुंचने का भी आरोप

दर्ज प्राथमिकी में एक आरोपी के लाइसेंसी राइफल लेकर मौके पर पहुंचने और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया गया है।

वहीं, वरुण कुमार सिंह पर हिरासत में लिए गए सुमेश कुमार और उसकी ग्लैमर मोटरसाइकिल को लेकर मौके से भागने का आरोप है। पुलिस ने इन आरोपों के आधार पर तीन नामजद सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार केहरी ने बताया कि अवैध बालू खनन की सूचना पर पुलिस टीम जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपितों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के आधार पर आगे की कार्र्वाई की जा रही है।