विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निगम की कार्रवाई भी बेअसर! मुंगेर के नीलम चौक पर फिर खुले में मांस-मछली की कटाई, बीमारी का बढ़ा खतरा

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:50 PM (IST)

मुंगेर शहर में नगर निगम की पिछली कार्रवाई के बावजूद सड़क किनारे खुले में मांस-मछली की बिक्री जारी है, जिससे ...और पढ़ें

खुले में बिक रहा मांस-मछली. जागरण

खुले में बिक रहा मांस-मछली. जागरण 

HighLights

  1. निगम की कार्रवाई के बावजूद खुले में मांस बिक्री जारी।

  2. सड़क किनारे मांस पर धूल-मक्खियों से स्वास्थ्य खतरा बढ़ा।

  3. दूषित मांस से पेट दर्द, उल्टी जैसी बीमारियां फैलने की आशंका।

संवाद सूत्र, मुंगेर। मुंगेर शहर में नगर निगम द्वारा की गई पिछली छापेमारी और कानूनी कार्रवाइयों के बावजूद सड़क किनारे खुले में मांस-मछली की बिक्री का पुराना ढर्रा बदलने का नाम नहीं ले रहा है।

नीलम चौक से लेकर गुलजार पोखर चौक, कौड़ा मैदान चौक, पूरबसराय, मुर्गियाचक, राजा बाजार, शादीपुर, चूहा बाग और अस्पताल रोड तक में बेखौफ होकर खुलेआम बकरे काटे जा रहे हैं, खाल उतारी जा रही है और मांस को सड़क किनारे टांगकर बेचा जा रहा है।

करीब छह माह पहले नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों को नोटिस जारी कर जुर्माना वसूला था। कार्रवाई के तुरंत बाद दुकानदारों ने कुछ दिनों तक चादर लगाकर कारोबार को ढकने का प्रयास किया, लेकिन महज 10 दिन बीतते ही चादरें हटा दी गईं

  • मुंगेर के नीलम चौक, गुलजार पोखर, कौड़ा मैदान, पूरबसराय व अस्पताल रोड में नगर निगम की कार्रवाई के बाद फिर शुरू हुई खुले में मांस-मछली की बिक्री

  • छह माह पूर्व नोटिस व जुर्माने के बाद दुकानदारों ने कुछ दिन टांगी थी चादर, अब सड़क किनारे खुलेआम काटा जा रहा बकरा

  • प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन की चेतावनी: धूल, मिट्टी और मक्खियों से दूषित मांस खाने से हो सकता है गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण

  • बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहा कारोबार; उप नगर आयुक्त नसीमुद्दीन खान ने दी चेतावनी—दोबारा खुले में बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई

और कटाई-छिलाई का खुला खेल फिर शुरू हो गया। इस रास्ते से गुजरने वाले आम राहगीरों और स्कूली बच्चों को रोजाना इस अशोभनीय दृश्य से जूझना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य पर मंडराया गंभीर खतरा; धूल-मिट्टी से दूषित हो रहा मांस, कम तौल की भी शिकायतें

सड़क किनारे खुले में टंगे मांस पर उड़ती धूल, मिट्टी और मक्खियां जमने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा, बिना ट्रेड लाइसेंस के चल रही इन दुकानों पर ग्राहकों को कम तौलने और बासी मीट थमाने जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।

ग्राहकों का कहना है कि जब वे तौल पर सवाल उठाते हैं या मीट ढकने को कहते हैं, तो दुकानदार विवाद पर उतारू हो जाते हैं। नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल किसी भी विक्रेता को ट्रेड लाइसेंस जारी नहीं किया गया है और विभाग से दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही लाइसेंस की प्रक्रिया तय होनी है।

दूषित मांस से हो सकती है पेट दर्द व उल्टी; निगम प्रशासन ने फिर दी कड़े एक्शन की चेतावनी

खुले में बिक रहे मांस के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षवर्धन का कहना है कि खुले वातावरण में रखा मांस बैक्टीरिया का आसान शिकार बनता है, जिससे पेट दर्द, उल्टी, दस्त, मतली और तेज बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर उप नगर आयुक्त नसीमुद्दीन खान ने स्पष्ट किया है कि निगम पूर्व में भी नोटिस व जुर्माना लगा चुका है। यदि दुकानदार सुधार नहीं लाते हैं, तो उनके खिलाफ पुन: बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

"खुले में मांस-मछली बेचने वालों के खिलाफ नगर निगम पहले भी छापेमारी कर चुका है, जिसमें नोटिस और जुर्माना लगाया गया था। दोबारा सड़क किनारे खुले में बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

-

— नसीमुद्दीन खान, उप नगर आयुक्त (नगर निगम, मुंगेर)

"खुले में रखा मांस धूल, मिट्टी और मक्खियों के संपर्क में आने से दूषित हो जाता है। इससे बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसा दूषित मांस खाने से पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी बीमारियां हो सकती हैं। मांस की बिक्री के दौरान स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव बेहद जरूरी है।"

-
— डॉ. हर्षवर्धन, प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ (मुंगेर)