एके 47 की तलाश में मुंगेर पुलिस ने गंगा में चलाया सर्च आपरेशन
फालोअप - गोताखोर की मदद से गंगा में पुलिस ने घंटों चलाया अभियान - एसपी के नेतृत्व में बरदह
फालोअप
- गोताखोर की मदद से गंगा में पुलिस ने घंटों चलाया अभियान
- एसपी के नेतृत्व में बरदह गांव में हुई छापामारी
जागरण संवाददाता, मुंगेर : मुंगेर पुलिस ने एक बार फिर से एके 47 की तलाश में मिर्जापुर बरदह गांव में छापामारी की। एसपी गौरव मंगला बड़ी संख्या में पुलिस बल और गोताखोर के साथ मिर्जापुर बरदह गांव पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने गंगा किनारे के इलाकों में घंटों छापामारी अभियान चलाया। गोताखोरों ने जाल के माध्यम से गंगा में खोजबीन की। वहीं, गोताखोरों ने गंगा में कई बार डूबकी भी लगाई। वहीं, नहर के आसपास भी खुदाई की गई। इधर, एसपी गौरव मंगला ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार तस्करों द्वारा पुलिस से बचने के लिए गंगा के पानी में एके 47 राइफल छिपाया गया है। इसी सूचना के आधार पर छापामारी की गई। लेकिन, पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। बताते चलें कि बुधवार की सुबह मुंगेर मंडल कारा में छापामारी की गई। वहीं, देर संध्या पुलिस ने बरदह में छापामारी की। ऐसे में आशंका में जताई जा रही है कि जेल में छापामारी के दौरान ही पुलिस को एके 47 राइफल की तस्करी को लेकर इनपुट मिला होगा। जिसके आधार पर पुलिस ने देर शाम बरदह में छापामारी की।