मुंगेर : जमालपुर के जुबली बेल चौक पर बोलबम के वेश में आए युवक ने कैंची से किया हमला; 3 जख्मी, भीड़ ने पकड़कर पीटा
जमालपुर के जुबली बेल चौक पर बोलबम वेश में एक युवक ने कैंची से हमला कर तीन लोगों को घायल ...और पढ़ें

रात से इलाके में संदिग्ध रूप से भटक रहा था युवक; अचानक कैंची निकालकर दुकानदारों पर किया ताबड़तोड़ हमला
HighLights
बोलबम वेश में युवक ने कैंची से किया हमला।
हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
भीड़ ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम जुबली बेल चौक पर सोमवार को उस वक्त अफरातफरी और भगदड़ मच गई, जब बोलबम के वेश में घूम रहे एक युवक ने अचानक धारदार कैंची निकालकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों पर हमला कर दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में तीन लोग लहूलुहान हो गए। घटना के बाद चौक पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने साहस दिखाते हुए हमलावर युवक को मौके पर ही धर दबोचा और जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
रात से ही इलाके में भटक रहा था, हमले में 3 लोग जख्मी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेरुआ वस्त्र धारण किए यह युवक रविवार की रात से ही जुबली बेल चौक और आसपास के इलाके में संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर भटक रहा था। रात में गश्ती पुलिस ने उससे पूछताछ भी की थी, लेकिन वह अपना स्पष्ट पता नहीं बता पा रहा था। उसने अपना नाम प्रहलाद मांझी बताया था।
सोमवार को अचानक युवक ने अपनी जेब से धारदार कैंची निकाली और अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। हमले में छोटी दरियापुर निवासी फूल विक्रेता दीपक कुमार, किराना दुकानदार राजू और फल विक्रेता नंदकिशोर गुप्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
फूल विक्रेता की हालत नाजुक, मुंगेर किया गया रेफर
हमले में घायल किराना दुकानदार राजू और फल विक्रेता नंदकिशोर गुप्ता को प्राथमिक उपचार दिया गया है। वहीं, फूल विक्रेता दीपक कुमार के शरीर के संवेदनशील हिस्से में कैंची लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक चिकित्सा के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
भीड़ की पिटाई से हमलावर भी बेहोश, मानसिक विक्षिप्त होने की आशंका
घटना के तुरंत बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने हमलावर युवक को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। पकड़ने के दौरान भीड़ द्वारा की गई पिटाई में वह भी गंभीर रूप से जख्मी होकर अचेत हो गया। सूचना मिलते ही जमालपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) जमालपुर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।
युवक की पहचान और वजह तलाशने में जुटी पुलिस
जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि एक विक्षिप्त जैसे दिखने वाले युवक द्वारा कैंची से वार कर कई लोगों को घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल से कैंची बरामद कर ली है। थानाध्यक्ष ने कहा कि हमलावर युवक का इलाज कराया जा रहा है। उसके वास्तविक नाम, पते और इस तरह के हिंसक हमले के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। होश में आने और सत्यापन के उपरांत विधिसम्मत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
