मुंगेर: शेयर बाजार में मुनाफे का लालच, ठेकेदारी का झांसा; 84 लोगों से 12 करोड़ की ठगी
मुंगेर पुलिस ने शेयर बाजार और सरकारी ठेकेदारी में बड़े मुनाफे का लालच देकर 84 लोगों से 10-12 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

शेयर बाजार में मुनाफे का लालच, ठेकेदारी का झांसा; 84 लोगों से 12 करोड़ की ठगी (AI Generated Image)
HighLights
शेयर बाजार और ठेकेदारी के नाम पर ठगी।
84 लोगों से 10-12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी।
मुख्य आरोपी सूरज कुमार मुंगेर से गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा और सरकारी ठेकेदारी से बड़ी कमाई का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपित सूरज कुमार को मुफस्सिल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे चरौन गांव के समीप से गैर-जमानती वारंट के आधार पर दबोचा।
पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि सूरज ने निवेश और ठेकेदारी के नाम पर करीब 84 लोगों को अपने जाल में फंसाया।
आरोप है कि इनसे 10 से 12 करोड़ रुपये की ठगी की गई। शिकार होने वालों में पुलिसकर्मी, रेलकर्मी, सेना के जवान, किसान और अन्य आम लोग शामिल हैं।
हरदियाबाद निवासी नीरज कुमार से अकेले 1.5 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। वहीं एक दारोगा से करीब 45 लाख रुपये की ठगी की बात भी सामने आई है।
जमीन बेचकर भी सौंप दी रकम
मोटे मुनाफे के लालच में कई पीड़ितों ने अपनी जमीन तक बेच दी और रकम सूरज को सौंप दी। रकम लेने के बाद मुनाफा तो दूर, मूलधन वापस करने में भी आनाकानी की गई। इसके बाद पीड़ित पुलिस और न्यायालय की शरण में पहुंचे।
बेल के सिलसिले में गांव पहुंचा था
एक मामले में बेल अर्जी और मध्यस्थता के सिलसिले में सूरज चुपके से गांव पहुंचा था। इसकी सूचना मिलते ही एक पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब तक 10 पीड़ितों की ओर से मुफस्सिल थाना और न्यायालय में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि ठगी की कुल रकम और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
