यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Munger News: चुनाव से पहले बढ़ी 'मेड इन मुंगेर' की डिमांड, सात दिनों में पकड़ी गई सात मिनी गन फैक्ट्री
मुंगेर में विधानसभा चुनाव के नज़दीक आते ही अवैध हथियारों की मांग बढ़ गई है। असामाजिक तत्व चुनाव में खलल ...और पढ़ें

मेड इन मुंगेर की बढ़ी डिमांड। (जागरण)
HighLights
मुंगेर में अवैध हथियारों की मांग बढ़ी।
पुलिस ने सात मिनी गन फैक्ट्रियां पकड़ीं।
तस्करों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। विधानसभा चुनाव की पटकथा लिख दी गई है। मुंगेर में छह नवंबर को पहले चरण में मतदान है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां भी पुख्ता है, इसके बाद भी चुनाव में खलल डालने के लिए असमाजिक तत्व भी अपने आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
वर्चस्व बनाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसे में मुंगेर में निर्मित अवैध हथियार की डिमांड बढ़ गई है। राज्य के कई जिलों से असमाजिक तत्व हथियार खरीदने के लिए मुंगेर पहुंच रहे हैं।
आचार संहिता लगने के बाद भी पुलिस सक्रिय हो गई है। डेढ़ माह से न के बराबर मिनी गन फैक्ट्रियां पकड़ा रही थीं। लेकिन, छह अक्टूबर से लेकर 12 तक पुलिस ने सात मिनी गन फैक्ट्रियां पकड़ी है। हथियार बेचने और बनाने मामले में संलिप्त 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 23 हथियार भी बरामद हुआ है।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि एक सप्ताह में हथियार बनाने वालों को पकड़ा गया है। चिह्नित जगहों पर पुलिस नजर रख रही है। दरअसल, लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा चुनाव या फिर पंचायत चुनाव मुंगेर के अवैध हथियारों की मंडी में काफी तेजी आ जाती है।
मुंगेर में छह नवंबर को मतदान है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुंगेर एसपी के निर्देश पर स्थानीय थाने की पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स लगातार कार्रवाई कर रही है।
तस्करों को पकड़ने के लिए विशेष टीम
हथियार बनाने और इसकी तस्करी को पकड़ने के लिए पुलिस कप्तान ने विशेष रणनीति बनाई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
हथियार बनाने का काम दियारा क्षेत्र, पहाड़ी क्षेत्र में हथियार तस्करों पर पैनी नजर रखी जा रही है। टीम को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी, किसी की दबंगई नहीं चलेगी।