मुंगेर में जाम छलकाने के बाद ठांय-ठांय! गार्ड की बंदूक से ICICI बैंक कर्मियों ने दागी गोलियां; अब हुई बड़ी कार्रवाई
Munger ICICI Bank Employees Firing: मुंगेर के बेटवन बाजार में आईसीआईसीआई बैंक के कर्मियों ने शराब पार्टी के दौरान सुरक्षा ...और पढ़ें

Munger ICICI Bank Employees Firing: मुंगेर में शराब पार्टी के बाद ICICI बैंक कर्मियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गार्ड की बंदूक और 6 खोखे बरामद; 5 गिरफ्तार
HighLights
आईसीआईसीआई बैंक कर्मियों ने शराब पार्टी में की फायरिंग।
सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक का किया गया इस्तेमाल।
पुलिस ने पांच आरोपियों को मौके से किया गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger ICICI Bank Employees Firing: जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित बेटवन बाजार में शुक्रवार की रात शराब की महफिल अचानक उस वक्त दहशत और अफरा-तफरी में बदल गई, जब नशे में धुत निजी बैंक के कर्मियों ने सुरक्षा गार्ड की बंदूक से खिड़की की राह अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
रिहायशी इलाके में लगातार हो रही ठांय-ठांय की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों से मिली गुप्त सूचना पर कासिम बाजार थाना पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से निजी बैंक के चार कर्मियों समेत कुल पांच लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से पुलिस ने छह खाली खोखे और बैंक सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक जब्त की है।
मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बेटवन बाजार में शराब पार्टी के दौरान अंधाधुंध फायरिंग करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक के चार कर्मी और उनका एक पड़ोसी शामिल; मौके से छह खोखे और दोनाली बंदूक बरामद
बैंक में छुट्टी का फायदा उठाकर सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक को कमरे पर ले आए थे कर्मी, शराब के नशे में की हर्ष फायरिंग
बैंक सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर उठे गंभीर सवाल; कासिम बाजार पुलिस ने बैंक के वरीय अधिकारियों को दी पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को बैंक बंद होने का फायदा उठाकर बेटवन बाजार निवासी अंकित कुमार उर्फ बिट्टू के किराए के कमरे पर पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी के लिए आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक शाखा में सुरक्षा गार्ड के पास रहने वाली दोनाली बंदूक को किसी तरह कमरे पर लाया गया था।
शराब पीने के दौर के बाद सभी नशे में झूमने लगे और कथित तौर पर कमरे की खिड़की से बाहर की ओर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक कई राउंड गोलियां दागी गईं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
ICICI बैंक के चार कर्मी और पड़ोसी गिरफ्तार
कासिम बाजार पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी अंकित कुमार उर्फ बिट्टू, सुधांशु कुमार, राहुल कुमार और शशांक शेखर को गिरफ्तार किया है। ये चारों आईसीआईसीआई बैंक के कर्मचारी बताए गए हैं। इसके अलावा शराब पार्टी और फायरिंग में साथ देने वाले उनके पड़ोसी आशीष कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की मेडिकल जांच कराने के साथ ही उनसे सघन पूछताछ शुरू कर दी है।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध, उठे गंभीर सवाल
इस दुस्साहसिक वारदात ने न केवल शराबबंदी कानून और अवैध हर्ष फायरिंग की पोल खोली है, बल्कि निजी बैंक की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि छुट्टी के दिन बैंक परिसर से सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक किसी निजी कमरे तक कैसे पहुंच गई? क्या इसमें बैंक के सुरक्षा गार्ड की मिलीभगत थी या कर्मियों ने अनाधिकृत रूप से चाबी हासिल कर हथियार निकाला? बंदूक किसके निर्देश पर बाहर आई और फायरिंग में ट्रिगर किसने दबाया—पुलिस इन तमाम तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
थानाध्यक्ष रुबिकांत कच्छप ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों युवकों को दबोच लिया। कमरे की तलाशी के दौरान दोनाली बंदूक और फर्श से छह प्रयुक्त खोखे बरामद किए गए हैं। घटना की आधिकारिक सूचना बैंक के वरीय प्रबंधन को दे दी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम और सार्वजनिक शांति भंग करने की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
