मुंगेर में इस साल बाढ़ का खतरा नहीं, खतरे के निशान से नीचे है गंगा का जलस्तर
मुंगेर में इस वर्ष गंगा में बाढ़ के आसार नहीं दिख रहे हैं, अगस्त माह में भी जलस्तर खतरे के ...और पढ़ें

गंगा नदी मुंगेर। फोटो जागरण
HighLights
मुंगेर में इस साल गंगा में बाढ़ की संभावना नहीं।
अगस्त माह समाप्त होने पर भी जलस्तर खतरे से नीचे।
पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 6 सेंटीमीटर घटा।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। जिले में इस वर्ष गंगा में बाढ़ के आसार नहीं दिख रहे हैं। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी तो हुयी, लेकिन अगस्त माह समाप्त होने को है बावजूद गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल को पार नहीं कर पाया, जबकि पूर्व के तीन साल के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में गंगा अगस्त के पहले सप्ताह से लेकर अंत तक डेंजर लेवल को पार कर जाती थी, परंतु अगस्त माह के अंत में मुंगेर में गंगा का जलस्तर तेजी से घटने लगा है।
ऐसे में इस वर्ष बाढ़ की संभावना नजर नहीं आ रही है। वर्ष 2025 में मुंगेर में अगस्त के पहले सप्ताह तीन अगस्त 2025 को गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 39.33 मीटर को पार कर गया था। इसी प्रकार वर्ष 2024 में भी अगस्त के तीसरे सप्ताह में गंगा खतरा के निशान को पार कर गया था।
20 अगस्त 24 को मुंगेर में जलस्तर डेंजर लेवल को पार कर 39.40 मीटर तक पहुंच गया था। वर्ष 2023 में भी 17 अगस्त को गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल को पार कर 38.41 मीटर तक पहुंच गया था और गंगा के तटीय क्षेत्र जलमग्न हो गए थे। पूर्व के बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष भी बाढ़ पूर्व सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है।
प्रभावित परिवारों के लिए राहत व खाद्य सामग्री की आपूर्ति के लिए एक माह पूर्व टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। संवेदकों द्वारा राहत व खाद्य सामग्री तथा पशु चारा का स्टाक भी सुनिश्चित कर लिया गया है।
बरियारपुर में 23 स्थानों को राहत शिविर के रूप में चिन्हित करते हुए वहां सामुदायिक किचन संचालित करने की तैयारी की जा चुकी है। गंगा के घटते जलस्तर के बीच इस वर्ष बाढ़ के आसार नहीं दिख रहे हैं।
24 घंटे में छह सेंटीमीटर घटा जलस्तर
जिले में गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। पिछले चौबीस घंटे में जलस्तर छह सेंटीमीटर कम होकर 38.70 मीटर पर पहुंच गया। जो डेंजर लेवल से 63 सेंटीमीटर नीचे है।
वहीं, बरियारपुर में जलस्तर डेंजर लेवल से 37.64 से पांच सेंटीमीटर नीचे 37.59 मीटर पर पहुंच गया है। जबकि कल्याणपुर में अभी भी गंगा डेंजर लेवल से 20 सेंटीमीटर उपर बह रही है। कल्याणपुर में डेंजर लेवल 37.16 मीटर है। रविवार को वहां जलस्तर 37.36 मीटर रिकार्ड किया गया।
इधर, केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार गंगा के उपरी हिस्से इलाहाबाद, वाराणसी और बक्सर में गंगा के जलस्तर में पिछले छह घंटे में तीव्र बढ़ोतरी दर्ज होने की बात कही गई है। गंगा के ऊपरी हिस्से में जलस्तर में बढ़ोतरी का असर मुंगेर में भी दिखने की संभावना जताई गई है।
