मुंगेर-मिर्जाचौकी प्रोजेक्ट: अब हर हफ्ते तय होगा टारगेट, जल्द पूरा होगा फोरलेन का अधूरा काम
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन परियोजना के शेष 2.2 किलोमीटर निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।

जल्द पूरा होगा फोरलेन का 2.2 किमी निर्माण (AI Generated Image)
HighLights
फोरलेन के शेष 2.2 किमी निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश।
प्रमंडलीय आयुक्त ने साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
यातायात जाम की समस्या के शीघ्र निदान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन परियोजना के तहत शेष बचे 2.2 किलोमीटर निर्माण कार्य को अब ससमय पूरा करने को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में फोरलेन परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में आयुक्त ने कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की। बैठक में डीएम, एडीएम, सदर एसडीओ सदर सहित परियोजना से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि ने प्रमंडल क्षेत्र में चल रहे फोरलेन निर्माण की प्रगति से आयुक्त को अवगत कराया। आयुक्त ने परियोजना के शेष 2.2 किलोमीटर निर्माण कार्य समेत अन्य लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार की जाए और उसी के अनुरूप कार्य की प्रगति सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक सप्ताह कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने निर्माण कार्य में निर्धारित सभी मानकों और गुणवत्ता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण कराने को कहा, ताकि कार्य की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी नहीं रहे।
आयुक्त ने यातायात जाम की समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए इसके यथाशीघ्र निदान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में आयुक्त के सचिव सुधीर कुमार सहित परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
