मुंगेर में फोरलेन एप्रोच रोड के चौड़ीकरण की तैयारी तेज, मस्जिद मोड़ से चिरैयाबाद तक बदलेगा सड़क का स्वरूप
Munger Fourlane Approach Road Masjid Mor To Chiraiyabad Widening Proposal News: मुंगेर में फोरलेन तक सुरक्षित पहुंच के लिए मस्जिद ...और पढ़ें

मुंगेर के मस्जिद मोड़ से चिरैयाबाद को जोड़ने वाली सिंगल सड़क।
HighLights
मस्जिद मोड़ से चिरैयाबाद तक 5.6 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा।
सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़कर 5.5 मीटर की जाएगी।
प्रभावित मकान मालिकों को सर्किल रेट पर उचित मुआवजा मिलेगा।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर जिले से गुजर रहे फोरलेन तक सुरक्षित व सुगम पहुंच पथ उपलब्ध कराने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कवायद शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख मस्जिद मोड़ से लेकर चिरैयाबाद तक जाने वाली 5.6 किलोमीटर लंबी अत्यंत महत्वपूर्ण सिंगल सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर विभाग द्वारा राज्य मुख्यालय को भेजा जा रहा है।
वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई महज 3.75 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 5.5 मीटर करने की योजना बनाई गई है। मुख्यालय से अंतिम तकनीकी व वित्तीय स्वीकृति मिलते ही प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि फोरलेन पर चढ़ने या फिर फोरलेन से मुंगेर शहर में प्रवेश करने के लिए प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े चार पहिया और दोपहिया वाहन चालक इसी सिंगल सड़क से आवाजाही करते हैं।
मुंगेर में मस्जिद मोड़ से चिरैयाबाद तक 5.6 किलोमीटर लंबी सिंगल सड़क को 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.5 मीटर चौड़ा करने की तैयारी
ग्रामीण कार्य विभाग मुंगेर ने ग्रामीणों के आवेदन पर जांच प्रक्रिया पूरी कर चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा मुख्यालय
सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकानों के भूस्वामियों को अंचलाधिकारी की रिपोर्ट पर सर्किल रेट के हिसाब से मिलेगा मुआवजा
दूसरे चरण में चिरैयाबाद से ऋषिकुंड तक 5.5 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का निर्माण कार्य विभाग द्वारा पहले से है जारी
सड़क संकीर्ण होने के कारण जब भी विपरीत दिशा से कोई बड़ा वाहन आता है, तो लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की लगातार बढ़ती परेशानियों को देखते हुए कई सामाजिक कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग को आवेदन दिया था, जिसके बाद विभागीय अभियंताओं से स्थलीय जांच कराकर प्रस्ताव तैयार किया गया है।
चौड़ीकरण की जद में आएंगे कई मकान, अंचल से सर्किल रेट तय कर मिलेगा मुआवजा
सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.5 मीटर किए जाने के कारण मस्जिद मोड़ से चिरैयाबाद के बीच सड़क किनारे बने कई निजी मकान और निर्माण चौड़ीकरण की जद में आएंगे। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के अनुसार, मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही स्थानीय अंचलाधिकारी (CO) से प्रभावित भूमि और ढांचागत संपत्ति की अद्यतन रिपोर्ट मांगी जाएगी।
इसके पश्चात रैयतों और प्रभावित गृहस्वामियों को जमीन के सर्किल रेट के आधार पर उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।
चिरैयाबाद से ऋषिकुंड तक पहले से चल रहा काम, मुख्यालय की मंजूरी का इंतजार
बताते चलें कि इस परियोजना के दूसरे चरण के तहत चिरैयाबाद से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ऋषिकुंड तक 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा पहले से ही प्रगति पर है।
पूरे मामले पर ग्रामीण कार्य विभाग, मुंगेर के कार्यपालक अभियंता सुजीत कुमार सुमन ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग और यातायात सुगमता की आवश्यकता को देखते हुए अभियंताओं से जांच कराई गई है। सड़क चौड़ीकरण का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही निविदा निकालकर निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
